Thursday, 2 April 2015

DM रात 2 बजे फाइल देखने के बहाने बुलाते थे, महिला IAS से बनवाते थे खाना

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के डीएम रंजन कुमार पर उनकी ही जूनियर महिला आईएएस अफसर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला आईएएस अफसर की शिकायत के मुताबिक डीएम रंजन कुमार उन्हें रात के दो बजे फाइल देखने के बहाने बुलाते थे। इसके बाद उनसे घर पर खाना बनाने को कहते थे। महिला आईएएस अफसर की शिकायत के मुताबिक उनसे डीएम कहते थे कि तुम्हें शहर में तैनाती इसलिए दी गई है ताकि तुम्हारा चेहरा मेरे सामने रहे। रंजन कुमार महिला अफसर को एक-दो बार फिल्म दिखाने तक ले गए।
सीएम से शिकायत
सामाजिक कार्यकर्ता नूतन ठाकुर ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से की है। नूतन का कहना है कि उनके पति आईपीएस अमिताभ ठाकुर से पीड़िता महिला आईएएस अफसर का परिचय पहले से है। नूतन का कहना है कि उन्हें और उनके पति को पीड़िता ने पूरी आपबीती सुनाई है। आईजी अमिताभ ठाुकर ने भी मांग की है कि पूरे मामले की गोपनीयता से जांच करवाई जाए और आरोप सही पाए जाने पर डीएम के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
प्रमुख सचिव (नियुक्ति) से पति के साथ जाकर मिलीं पीड़ित अफसर
बुधवार को ट्रेनी आईएएस अफसर अपने पति के साथ प्रमुख सचिव नियुक्ति से भी बंद कमरे में मिलीं। बाहर निकलने पर उन्होंने कोई भी बात करने से इनकार दिया।
मंडल के एक सीनियर आईएएस से भी की शिकायत
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अफसर ने मंडल के एक अन्य सीनियर ऑफिसर से भी शिकायत की है। उस अधिकारी ने माना कि डीएम का रवैया ठीक नहीं और कहा कि पीड़ित उनकी बेटी की तरह है, इसलिए उनकी सलाह है कि मामले को रफा-दफा कर विवाद से बचा जाए।
डीएम ने कहा, बेवजह दिया जा रहा तूल
गोरखपुर के डीएम रंजन कुमार ने खुद पर लगे आरोप को गलत ठहराते हुए कहा है कि इसे बेवजह तूल दिया जा रहा है। उनका कहना है कि मीडिया को पता नहीं क्यों निजी मामले में दिलचस्पी है? रंजन के मुताबिक, 'आज भी मेरे पास कई फोन आ रहे हैं। वह लोग प्रमुख सचिव नियुक्ति के पास केवल अपने ट्रांसफर के बारे में पता करने गए थे और कहा जा रहा है कि शिकायत करने गए थे। वे पश्चिम बंगाल से आए हैं और लखनऊ के आसपास तैनाती चाहते हैं। छेड़छाड़ या किसी और तरह की पूरी बात ही गलत है।'

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post