कोलकाता में रविवार को बीसीसीआई कार्यसमिति की बैठक में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए नए कोच और सहयोगी स्टाफ चुनने के लिए बोर्ड अध्यक्ष जगमोहन डालमिया और सचिव अनुराग ठाकुर को अधिकृत किया गया है।
बीसीसीआई ने क्रिकेट से संबंधित सभी मामलों पर सलाहकार के रूप में तेंडुलकर, गांगुली और द्रविड़ की तिकड़ी की नियुक्ति की इच्छा जताई है। कार्यसमिति की बैठक में इस मामले पर दिग्गज खिलाड़ियों की मंजूरी लेने का फैसला किया गया है। एक साथ दशकों तक इन तीनों पूर्व महान खिलाड़ियों ने मैदान पर भारतीय क्रिकेट की सेवा की है।
उनकी विशेषज्ञता क्रिकेट के लिए काफी मूल्यवान मानी जाती है। इसीलिए अब बोर्ड भारतीय क्रिकेट टीम के कोच, निदेशक या फिर अन्य सपोर्टिंग स्टाफ की नियुक्ति सहित सभी महत्वपूर्ण मामलों पर उनसे सलाह लेना चाहता है।
यहां दिलचस्प यह है कि डंकन फ्लेचर के स्थान पर नए कोच के रूप में गांगुली या फिर द्रविड़ को उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा था। परंतु, सलाहकार के रूप में उनकी संभावित नियुक्ति से यह साफ हो गया है कि टीम इंडिया से जुड़े फ्लेचर या फिर रवि शास्त्री को जाना होगा।
हालांकि, इस संबंध में अभी सलाहकार समिति या फिर सचिन, सौरव और राहुल के नाम की घोषणा आधिकारिक रूप से नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई कार्य समिति की बैठक में वैसे तो कई एजेंडे पर चर्चा हुई है। जिसमें चेन्नई सुपरकिंग्स के मात्र पांच लाख रुपये मूल्यांकन समेत कई मामले शामिल थे।
इंडियन प्रीमियर लीग में श्रीनिवासन के स्वामित्व वाले चेन्नई सुपर किंग्स की बिक्री का मुद्दा भी उठा था। पर, किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका। फिलहाल मामले को टाल दिया गया है। क्योंकि, बोर्ड इस मामले में अपने अनुमोदन पर मोहर लगाने से पहले कानूनी राय लेना चाहता है।
बीसीसीआई अध्यक्ष पद संभालने के बाद जगमोहन डालमिया की यह पहली बड़ी बैठक थी। नव निर्वाचित सचिव अनुराग ठाकुर की भी यह पहली बड़ी बैठक थी। इस बैठक में बंगाल के दिवंगत युवा क्रिकेटर अंकित केसरी, झारखंड के गौरव कुमार और नेपाल तथा भारत में भूकंप से मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
No comments:
Post a Comment