Tuesday, 28 April 2015

महिला को नग्न कर उल्टा लटकाकर पीटा

तुलसीपुर थाना क्षेत्र में जमीन कब्जाने के विरोध पर दबंगों ने एक महिला को निर्वस्त्र करके उल्टा लटकाकर पीटा। फरियाद लेकर थाने पहुंची पीड़िता को पुलिसकर्मियों ने भी डांटकर भगा दिया।

पीड़िता ने डीएम व एसपी से गुहार लगाई तो एसपी ने तुलसीपुर थानाध्यक्ष एसके राय एवं बीट दरोगा आलोक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। डीएम ने सीओ तुलसीपुर को मामले की जांच सौंपी है।

सोमवार को डीएम और एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में तुलसीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी खेती की जमीन का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। 25 अप्रैल को विपक्षी इस जमीन पर जबरन कब्जा करने लगे।
महिला का कहना है कि उसने जमीन पर कब्जा करने से रोका तो चार लोगों ने खेत में ही निर्वस्त्र कर उसे उल्टा लटकाकर पिटाई की। महिला का आरोप है कि थाने में शिकायत करने गई तो कार्रवाई के बजाय अभद्रता कर उसे भगा दिया गया। इसके बाद डीएम और एसपी से गुहार लगानी पड़ी।

वहीं एसपी वीडी शुक्ल ने कहा कि महिला का थाने से भगाने का आरोप सही नहीं है। उसी दिन आरोपी वाजिद अली, साजिद अली, मुतबिल व मतलूब के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई थी।

हालांकि विवेचना के बाद तथ्यों को छिपाने और लापरवाही के आरोप में थानेदार और एक दरोगा को निलंबित कर दिया गया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

महिला के साथ हुई घटना की जांच का आदेश सीओ तुलसीपुर बालकराम को दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रीति शुक्ला, डीएम बलरामपुर

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post