सलमान की बहन अलवीरा जोधपुर सेशन कोर्ट पहुंची हैं और भाई के कोर्ट में पेश न होने पर माफी की अर्जी दी है। अलवीरा ने मेडिकल ग्राउंड पर सलमान की पेशी से छूट मांगी है। एक्टर फिलहाल अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए कश्मीर में हैं और वहां उनकी तबीयत नासाज बताई जा रही है।
सलमान के कान में इंफेक्शन बताया जा रहा है, जिसके चलते वो दो दिनों तक शूटिंग भी नहीं कर पाए थे। आज सलमान को कोर्ट में दो गवाहों के सामने पेश होना है, जो घटना के चश्मदीद हैं। इन दोनों गवाहों को सलमान के सामने ही कोर्ट में अपना बयान देना था।
गौरतलब है कि जोधपुर जिले के लूनी थाने में 15 अक्टूबर 1998 को सलमान के खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज हुआ था। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर ने 1 और 2 अक्टूबर 1998 की रात को जिन काले हिरणों का शिकार किया था उसमें कथित तौर पर अवैध हथियार का इस्तेमाल किया गया था।
इससे पहले इस मामले में 25 फरवरी को कोर्ट का फैसला आने वाला था, लेकिन सरकारी वकील की तरफ से पेश चार लंबित याचिकाओं के सामने आने के बाद फैसला 3 मार्च तक के लिए टाल दिया गया था। सरकारी वकील ने चार अर्जियों में 24 गवाहों को कोर्ट बुलाने की इजाजत मांगी थी, जिसे सलमान ने हाई कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन हाई कोर्ट ने उनकी याचिका ठुकरा दी और आज सेशन कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया।
No comments:
Post a Comment