Tuesday, 28 April 2015

"पिछली गंदगी साफ़ कर रहा हूँ" पर भड़का विपक्ष, संसद में हंगामा

Image Loading
नई दिल्ली: पिछले विदेशी दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो बयान दिए थे, उन्हें लेकर आज राज्यसभा में विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस, बीएसपी, एसपी समेत सभी पार्टी के नेताओं ने पीएम मोदी के बयान की निंदा की। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने देश और प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। वहीं, बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि भारत के बाहर हम अलग-अलग पार्टियां नहीं, बल्कि एक होते हैं और पीएम को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। मायावती ने कहा कि विदेशों में पार्टी के आधार पर बात नहीं होनी चाहिए। हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दूसरी बार स्थगित करनी पड़ी।

इसके पहले मोदी ने अपने विदेश दौरों पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया था। मोदी ने कहा था कि हमें 60 सालों की गंदगी हटानी है। कांग्रेस पर कोयला घोटाले को लेकर हमले किए थे। मोदी ने स्कैम इंडिया की तुलना स्किल्ड इंडिया से की थी। इन्हीं बयानों को लेकर कांग्रेस ने खासा विरोध दर्ज कराया था। सरकार की ओर से राज्यसभा में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पीएम के बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बयान गलत नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कनाडा में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा था, "जिनको गंदगी करनी थी, वह करके चले गए। लेकिन हम सफाई करेंगे।" हालांकि, उन्होंने अपने भाषण में किसी का नाम नहीं लिया, पर इशारा पिछली यूपीए सरकार की तरफ ही था। मोदी ने कहा था, "देश (भारत) बहुत बड़ा है। यहां बहुत गंदगी, काफी गड़बड़ियां हो सकती हैं। इन्हें साफ करने में, ठीक करने में, वक्त लगेगा। लेकिन यह काम होगा जरूर, क्योंकि अब देश का नजरिया बदल चुका है। देश तमाम चुनौतियों का सामना कर रहा है। इस सबकी एक ही दवा है..." मोदी ने कहा था , "पहले देश की छवि स्कैम इंडिया (घोटालों के देश) की थी। हम चाहते हैं, अब देश स्किल्ड इंडिया (कुशल भारत) के तौर पर जाना जाए।" उन्होंने कहा, "विकास की तरफ कदम बढ़ गए हैं। बीते दस महीने में जैसी भ्रष्टाचारमुक्त और पारदर्शी शासन व्यवस्था सामने आई है, उससे देश में विश्वास का वातावरण बना है।"

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post