बसपा सुप्रीमो मायावती इन दिनों लखनऊ में ज्यादा समय दे रही हैं। प्रदेश संगठन की बैठक के साथ ही केंद्र व राज्य सरकार के कामों पर उनकी पैनी नजर है।
लखनऊ में आज बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रेस कांफ्रेंस में राज्य सरकार के साथ ही केंद्र सरकार के कामकाज पर जमकर भड़ास निकाली। मायावती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विनाश की राह पर है। यहां पर तो मुख्यमंत्री के पास कोई काम नहीं है। जगह-जगह जाकर सिर्फ साइकिल चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सपा सरकार ने तीन वर्ष के कार्यकाल में सभी वादे पूरे कर दिए तो फिर विधानसभा भंगकर मध्यावधि चुनाव करा नया जनादेश क्यों नहीं हासिल करते हैं। मायावती ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास कोई काम नहीं है इसलिए साईकिल नहीं चलाएंगे तो क्या करेंगे।लगता है पार्टी के चुनाव चिन्ह का अभी से प्रचार कर रहे हैं।
सूबे में अपराध तथा भ्रष्टाचार चरम पर है, लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को इन सबसे कोई लेना-लादना नहीं है। वह तो बस साइकिल ट्रैक बनवाने तथा साइकिल चलाने में व्यस्त हैं। वह बस आए दिन मेरे कार्यकाल की सभी योजनाओं की घोषणाएं कर रहे हैं। पदोन्नति में आरक्षण प्राप्त सभी कर्मचारियों को सरकार के पदावनत करने की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर वक्त आने पर जवाब देंगी।
इसके बाद उनके निशाने पर केंद्र सरकार रही। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार किसान विरोधी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के बड़े विरोध के बाद भी भूमि अधिग्रहण बिल लागू करने पर लगी है। यह सिर्फ पूंजीपतियों को लाभ के लिए हो रहा है। केंद्र सरकार सिर्फ बड़े लोगों को लाभ देने के लिए कानून तथा नियमों में संशोधन कर रही है। केंद्र सरकार ने शुरुआत से ही देश के लोगों से झूठे वादे किए थे। सरकार अब हर तरह से पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है।

No comments:
Post a Comment