Wednesday, 8 April 2015

आईपीएल के बाद बिजनेस के मैदान में युवी की नई पारी

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे महंगे खिलाड़ी युवराज सिंह बिजनेसमैन के रूप में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वे वेंचर केपिटल फंड लांच करने जा रहे हैं जिसका उद्देश्य सभी क्षेत्रों में युवा उद्यमियों को नई कंपनियां शुरू करने में मदद देना है।
यह 34 वर्षीय क्रिकेटर अगले तीन से पांच वर्षों में युवीकेन वेंचर्स में 50 करोड़ रुपए लगाएगा, जिसमें से अधिकांश राशि उनकी खुद की होगी। इस वेंचर्स में निवेशकों से करीब 300 करोड़ रुपए एकत्रित होने का अनुमान है। युवराज ने कहा- मैं पिछले पांच वर्षों से इस प्रोजेक्ट के बारे में विचार कर रहा था। देश में कई युवा उद्यमी हैं जिनके पास अच्छी योजनाएं हैं, मैं उन योजनाओं में पैसा निवेश करना चाहता हूं, ताकि उनका ब्रांड और कंपनी खड़ी हो सके।
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खेल से जुड़े कई उद्योगों में पैसा निवेश किया है। इसी तरह युवी के ‍आदर्श सचिन तेंडुलकर ने भी रेस्टॉरेंट समेत कई उद्योगों में पैसा निवेश किया है। इनके अलावा भी कई क्रिकेटर्स ने कई उद्योगों में पैसा निवेश किया है, लेकिन युवी की तरह किसी ने भी व्यवस्थित रूप से वेंचर केपिटल फंड लांच नहीं किया है।
युवीकेन वेंचर्स प्रारंभ में हेल्थकेयर, स्पोर्ट्‍स प्रोडक्ट्‍स, फैशन, ट्रेवल एंड टूरिज्म, हॉस्पिटेलिटी और ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में पैसा निवेश करेगा। इसमें शुरुआत में 10 से 25 लाख रुपए केपिटल प्रदान करने की योजना है। युवीकेन वेंचर्स द्वारा अपने पहले निवेश की घोषणा जून में किए जाने की संभावना है। युवी आईपीएल-8 में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेल रहे हैं और इस सत्र की समाप्ति के तुरंत बाद यह घोषणा किए जाने का अनुमान है।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post