नई दिल्ली : बिहार के राजनीतिक हल्कों में हलचल पैदा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मंगलवार रात को मुलाकात की। मुलाकात के लिये मोदी ने उन्हें समय दिया था, इसके बाद करीब एक घंटे तक दोनों नेता मिले और इस दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति पर गहन मंथन किया। चर्चा है कि मांझी ने मोदी से अपनी नई पार्टी हम (HUM) और आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रमुखता के साथ चर्चा की। हालांकि दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान हुई चर्चा की जानकारी सामने नहीं आ सकी है परंतु समझा जा रहा है कि मांझी की यह मुलाकात बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिये टेंशन हो सकती है।
बताया गया है कि बिहार राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा और मांझी की नई पार्टी के बीच तालमेल हो सकता है, इस संबंध में मोदी-मांझी की चर्चा हुई है। गौरतलब है कि मांझी ने नीतीश कुमार से बगावत करते हुये अपनी नई पार्टी का गठन कर लिया था, इसके साथ ही मांझी ने राजद सुप्रीमो लालूप्रसाद यादव से भी दूरी बना ली है। इसके बाद यह तय माना जा रहा है कि राज्य में मांझी और भाजपा हाथ मिला सकते है। इधर भाजपा सूत्रों ने बताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव के लिये मांझी भाजपा के लिये महत्वपूर्ण है क्योकि वे महादलित समाज से आते है, इसका फायदा चुनाव में मांझी से हाथ मिलाकर चुनाव में लिया जा सकता है।
No comments:
Post a Comment