Wednesday, 8 April 2015

महानायक पद्म विभूषण से सम्मानित |



नई दिल्ली। बॉलीवुड के सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को आज राजधानी नई दिल्ली में भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से नवाजा गया। इस समारोह में पूरा बच्चन परिवार मौजूद रहा। पुत्रवधू ऐश्र्वर्या अपने पति अभिषेक और पुत्री अराध्या के साथ इस पल की साक्षी बनी |
72 साल के बिग बी को इससे पहले पद्म श्री और पद्म भूषण पुरस्कार भी मिल चुके हैं। आज राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद्म विभूषण पुरस्कार दिया। अमिताभ ने छठीं बार इस प्रतिष्ठित समारोह में हिस्सा लिया।
अमिताभ पहली बार अपने पिता हरिवंश राय बच्चन को पद्म भूषण, दूसरी बार अपने लिए पद्म श्री, तीसरी बार अपने लिए पद्म भूषण, चौथी बार अपनी पत्नी जया बच्चन के लिए पद्म श्री और पांचवीं बार अपनी बहु ऐश्वर्या को पद्म श्री पुरस्कार मिलने के समय गए थे। अब वो छठीं बार पद्म विभूषण लेने पहुंचे।
ये पुरस्कार फिल्म जगत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जा रहा है। अमिताभ ने साल 1969 में फिल्म 'सात हिन्दुस्तानी' से अपने करियर की शुरुआत की थी और आखिरी बार फिल्म 'शमिताभ' में नज़र आए। 'जंजीर', 'अभिमान', 'दीवार', 'शोले', 'डॉन', 'लावारिस', 'सत्ते पे सत्ता', 'नमक हलाल', 'कूली', 'आक्रोश', 'चीनी कम', 'निशब्द', 'सरकार राज', 'ब्लैक' और 'पा' जैसी फिल्मों में अमिताभ के अभिनय को काफी सराहा जा चुका है।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post