Friday, 3 April 2015

विधानसभा में हंगामा नंदकिशोर यादव ने कहा कि संसदीय इतिहास का काला दिन है

विपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव की माइक बंद करने और बहादुरपुर बम विस्फोट के मुद्दे पर विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ। हाल यह हुआ विपक्ष के नेता समेत तमाम भाजपा सदस्य वेल में पहुंच गए और धरना पर बैठ गए। इसके पहले उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यही नहीं उन्होंने अध्यक्ष द्वारा बोलने से रोकने का आरोप लगाया। नंदकिशोर यादव ने बुधवार को संसदीय इतिहास का काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सदस्य वेल में जाते हैं तो अध्यक्ष उसे काला दिन बताते हैं लेकिन काला दिन तो आज है जब विपक्ष को बोलने नहीं दिया गया।
सुबह प्रश्नकाल शांतिपूर्ण चला, लेकिन शून्यकाल जैसे ही शुरू हुआ भाजपा सदस्यों ने बहादुरपुर बम विस्फोट का मामला उठाया। उन्होंने सदन में इसपर सरकार से वक्तव्य देने की मांग की। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार अगले दिन सदन में अपनी बात रखेगी। इसपर नाराज भाजपा सदस्य वेल में पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। विपक्ष के नेता ने कहा कि सदन चार दिनों तक बंद है, मामला गंभीर है। ऐसे में सरकार को शीघ्र जवाब देना चाहिए।
मंत्री ने इसका प्रतिवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार को कम से कम एक दिन का समय दिया जाना चाहिए। यादव ने कहा कि सदन चार दिनों तक नहीं है। इसके बाद यादव की माइक बंद हो गयी। वे हाथ हिला-हिलाकर बोल रहे थे। आवाज नहीं आने पर उत्तेजित हो गए और फिर वेल में पहुंच गए। अद्यक्ष उदय नारायण चौधरी बार-बार भाजपा सदस्यों से अपनी जगह पर जाने का अनुरोध करते रहे लेकिन उन्हें मनाने की तमाम कोशिशें बेकार हो गयी। अंत में सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
इस बीच विधानसभाध्यक्ष ने अपने कक्ष में गतिरोध दूर करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलायी। लेकिन भाजपा ने इसका बहिष्कार किया। भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरु हुई तो नंदकिशोर यादव समेत तमाम भाजपा सदस्य मुंह पर काली पट्‌टी लगाकर वेल में धरने पर बैठ गए। राजद विधायक जल के नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने अध्यक्ष से अनुरोध किया कि वे कार्यवाही स्थगित कर विपक्ष के नेता से बात करें। अध्यक्ष ने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया। लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला। भाजपा अड़ी रही। चार बजे कार्यवाही शुरु हुई तो भाजपा सदस्य फिर वेले में काली पट्‌टी लगाकर धरना पर बैठ गए। इस बीच ही सदन में उद्योग विभाग का बजट पारित हुआ।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि लगातार विधानसभा के अंदर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। पहले प्रशनकाल के दौरान जब विपक्ष कुछ कहता था तो कहा जाता था कि प्रश्नकाल बाधित हो रहा है आज विपक्ष के आवाज को दबाया गया। नंदकिशोर यादव ने कहा कि जब से कांग्रेस और राजद के सहयोग से सरकार चल रही है तब से बिहार सरकार आपातकाल की तरह काम कर रहीं है। जब विपक्ष शुन्य काल के दौरान ध्यान आकृष्ट नहीं करायेगी तब कब जनता की आवाज को उठायेगी । उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि वे भाजपा सदस्यों के आवाज को दबाने की कोशिश कर रहें है।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post