Friday, 3 April 2015

मोदी 8 अप्रैल को कर सकते कैबिनेट का विस्तार, नजमा की हो सकती छुट्टी, महबूबा की एंट्री

सूत्रों के मुताबिक मोदी कैबिनेट का विस्तार 8 अप्रैल को हो सकता है. इस मंत्रिमंडल विस्तार में प्रदर्शन और कामकाज के आधार पर कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है और कुछ को प्रमोशन दिया जा सकता है. उन मंत्रियों पर गाज भी गिर सकती है जिनके कामकाज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुश नहीं है. मोदी कैबिनेट का यह दूसरा विस्तार होगा.
सूत्रों के मुताबिक शिवसेना से अनिल देसाई को मंत्री बनाया जा सकता है. शिवसेना कोटे से दो लोगों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है. साथ ही मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट मंत्री बनाकर उनका प्रमोशन किया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला को कैबिनेट से हटा कर राज्यपाल बनाया जा सकता है. नजमा फिलहाल अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री हैं. उनकी जगह इस मंत्रालय की जिम्मेदारी फिलहाल राज्यमंत्री के रूप में काम कर रहे मुख्तार अब्बास नकवी को दी जा सकती है.
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती को कैबिनेट के नए विस्तार में मोदी अपने मंत्रिमंडल में जगह दे सकते हैं. यह भी कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल से कलराज मिश्रा की भी छुट्टी की जा सकती है.
नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल पहला विस्तार 9 नवंबर 2014 को हुआ था जिसमें 21 नए चेहरों को शामिल किया गया था. फिलहाल मोदी कैबिनेट में कुल सदस्यों की संख्या 66 है. पिछली बार के विस्तार में नए चेहरों में चार को कैबिनेट, तीन को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 14 को राज्यमंत्री बनाया गया था. सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से चार, बिहार से तीन और गुजरात व राजस्थान से दो-दो मंत्री शामिल किए गए थे. इस बार यह देखना दिलचस्प होगा कि मोदी किस राज्य से ज्यादा मंत्रियों को कैबिनेट में जगह देते है.

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post