श्रीनगर। घाटी में सोमवार को दो अलग-अलग जगह आतंकवादियों के हमलों में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए जबकि एक अन्य घायल हो गया। शोपियां जिले के अम्शीपोरा गांव में आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से तीन सदस्यीय एक पुलिस पार्टी पर हमला किया जिसमें तीनों शहीद हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीन सदस्यीय पुलिस पार्टी अम्शीपोरा गांव में एक अपराध की जांच के सिलसिले में गई थी, जहां आतंकवादियों ने उनपर स्वचालित हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें एक हेड कांस्टेबल तथा दो सिपाही शहीद हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व अर्धसैनिक बल के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं।
इधर बारामूला जिले में आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, श्रीनगर-मुजफ्फराबाद सडक पर मुजगुंड में एक सवारी बस में दो आतंकवादी सवार हुए। दोनों आतंकवादियों ने बस में ही बैठे आईआरपी के तीसरे बटालियन के उपनिरीक्षक गुलाम मुस्तफा पर बेहद नजदीक से गोलियां चलाई। इसके बाद वे बस का अपहरण कर उसे शेल्लू (सोपोर) तक ले गए और वहां उतरकर फरार हो गए। घायल पुलिस अधिकारी को गंभीर अवस्था में श्रीनगर के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
No comments:
Post a Comment