Monday, 20 April 2015

लालू बोले, 'अभी जमीन फिर मताधिकार छीना जाएगा'

'नीतीश आएं या लालू एक ही बात है'राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने रविवार को अपने पुराने अंदाज में पिछड़े तबके से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि आज न केवल हमारी जमीन लेने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि हमारे मताधिकार छीनने की भी साजिश हो रही है।

लालू यादव पटना के गांधी मैदान में आयोजित प्रजापति चेतना महारैली को संबोधित कर रहे थे। महारैली में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला। रैली में नीतीश कुमार नहीं आए।

लालू ने प्रजापति समाज के लोगों से कहा कि आप बर्तन बनाने के लिए मिट्टी सानते समय कंकड़ मिलने पर उसे चुनकर बाहर फेंक देते हो। आप उसी तरह भाजपा को भी बिहार से चुनकर बाहर फेंक दो।

लालू ने शिवसेना पर हमला बोलते हुए कहा कि गणेश को दूध पिलाने वाले आज कह रहे हैं कि मुसलमानों व ईसाइयों से मताधिकार छीन लो। कल वे आपसे भी ये हक छीनने की बात करेंगे।
रैली के दौरान लालू यादव ने लोगों से पूछा कि क्या आपने मोदी को कभी चाय बेचते देखा है? यह सब आरएसएस का प्रचार है। मोदी पर निशाना साधते हुए लालू ने कहा कि काला धन वापस लाने के वादे किए गए। हर आदमी को 15 लाख रुपये देने की बात कही गई थी, लेकिन अब बोल रहे है कि वह तो जुमला था।

लालू ने कहा की भाजपा आगे चुनाव के दौरान इसी तरह के झूठे वादे कर सपने दिखाएगी और बाद में कहेगी कि यह तो जुमला था। अच्छे दिन आएंगे के जुमले पर लालू ने कहा कि आ गए आपके अच्छे दिन।

उन्होंने कहा कि मनरेगा से लेकर इंदिरा आवास तक में कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने आप लोगों को टोले से लाकर गांव में बसाया, लेकिन अब मोदी सरकार आपको वहां से हटाना चाहती है।
लालू ने कहा कि हम सब एक रहकर भाजपा को बिहार में जमने से रोक सकते हैं। लालू ने कहा कि उन्होंने पूर्व सीएम जीतन राम मांझी को फोन कर समझाया था। उनसे कहा था कि लोग आपका इस्तेमाल कर रहे हैं।

लालू ने कहा कि आज पूरा देश बिहार की ओर देख रहा है। इसलिए उन्होंने विलय का रास्ता अपनाया। महारैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नहीं आने पर उन्होंने कहा कि नीतीश आएं या लालू अब एक ही बात है।

लालू ने दो तिहाई बहुमत से बिहार में सरकार बनाने का दावा भी किया। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार का पुनपुन में कार्यक्रम पहले से तय था इसलिए वह रैली में नहीं आ पाए।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post