Friday, 17 April 2015

मोदी की विदेश यात्राओं में अक्सर साथ रहता है ये शख्स

Modi plane के लिए चित्र परिणामप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले हफ्ते जब फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद का समझौता कर रहे थे, उस समय ना रक्षा मंत्री मनोहर पर्र‌िकर मौजूद थे और ना विदेश मंत्री सुषमा स्वराज। 

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जब राफेल समझौता कर रहे थे, तब विदेश मंत्री अपनी लोकसभा में भविष्य की योजनाएं गिना रही थीं और रक्षा मंत्री मछली खरीद रहे थे। हालांकि फ्रांस दौरे पर अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी जरूर मौजूद थे। 

प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी की अधिकांश विदेश यात्राओं में गौतम अदाणी उनके साथ रहे। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 5600 करोड़ के अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की‌ विदेश यात्राओं में आम तौर पर दिखने वाला चेहरा रहे हैं।
पिछले सप्ताह फ्रांस में नरेंद्र मोदी के यूनेस्को के मुख्यालय का दौरा किया। प्रधानमंत्री के 20 मिनट के भाषण को तन्मयता से सुनने वाले श्रोताओं में गौतम अदाणी भी थे। 

सूत्रों ने बताया क‌ि रात्रिभोज में उन्होंने फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोला सरकोजी से मुलाकात भी की। 

भारत और फ्रांसिसी कंपनियों के सीईओ की बैठक में शामिल होने वाले उद्योगपतियों की जो सूची फ्रांसीसी पक्ष ने मीडिया को दी, उसमें गौतम अदाणी का नाम अनिल अंबानी के बाद था, जबकि भारतीय पक्ष अदाणी के शामिल होने पर खामोश था।
हिंदुस्तान टाइम्‍स के मुताबिक, अदाणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कनाडा में भी हैं। मोदी कनाडा के साथ ऊर्जा सहयोग, परमाणु ऊर्जा और शहरों के विकास में निवेश के लिए बातचीत कर रहे हैं, जबकि अदाणी आधारभूत संरचना और ऊर्जा जैसे उद्योगों में विस्तार की तैयारी कर रहे हैं। 

हालांकि सराकरी सूत्रों ने बताया कि गौतम अदाणी कभी भी मोदी के साथ जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का औपचारिक हिस्सा नहीं रहे। मोदी के अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और जापान दौरे में अदाणी शामिल थे। 

न्यूयॉर्क में मोदी जिस होटल में ठहरे थे, अदाणी उसमें कई बार आते-जाते देखे गए। संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा में हुए मोदी के भाषण के दौरान भी अदाणी मौजूद थे। नवंबर में जी-20 समूह की बैठक में भी अदाणी मोदी के साथ कई बार देखे गए।
उल्‍लेखनीय है कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मोदी और अदाणी की नजदीकी पर सवाल उठा चुके हैं। लोकसभा चुनावों में उन्होंने अपने भाषणों में कई बार अदाणी और मोदी के रिश्तों का जिक्र किया था। 

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अदाणी समूह पर 72,000 करोड़ रुपए का कर्ज है, ‌फिर भी केंद्र में सरकार बदलने के बाद वे दो पॉवर प्लांट और ओडिशा में एक बंदरगाह खरीद चुके हैं। 

अदाणी की यात्राओं पर मोदी सरकार के एक नौकरशाह का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं है कि अदाणी मोदी के साथ विदेश यात्रा कर रहे हैं। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्होंने उनके साथ चीन, जापान‌, सिंगापुर और रूस की यात्रा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अदाणी समूह के मालिक गौतम अदाणी दोनों ही गुजरात से हैं।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post