Sunday, 12 April 2015

बिहार: स्कूलों में बांटे जाएंगे फ्री सैनिटरी पैड्स

पटना
बिहार के मु्ख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में लड़कियों को सैनिटरी नैपकिन बांटे जाएंगे। नीतीश ने कहा कि इस योजना के लिए हर साल 30-40 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि कई स्वयंसेवी संस्थाएं भी अच्छी क्वालिटी के पैड्स बनाने के लिए आगे आ रही हैं।
नीतीश शनिवार को एक मीडिया वर्कशॉप में 'हेल्थ, विमिन ऐंड डिवेलपमेंट' विषय पर बोल रहे थे। नीतीश ने कहा कि सरकार 10 लाख स्वयंसेवी समूहों की मदद से इस योजना को लागू करेगी। उन्होंने कहा कि तीन लाख समूह पहले ही इस काम के लिए तैयार हो गए हैं।

नीतीश ने कहा कि ये स्वयंसेवी संस्थाए महिला सशक्तीकरण के लिए एक 'खामोश क्रांति' की तरह हैं। उन्होंने कहा,'हमारी सरकार ने महिला सशक्तीकरण की पॉलिसी अपनाई है। इस सिलसिले में हमने कई स्कीम्स भी शुरू की हैं। महिलाओं को पंचायत चुनाव में 50 फीसदी आरक्षण भी दिया है।'

उन्होंने कहा,'एक सर्वे से पता चला है कि अगर कोई लड़की बारहवीं क्लास तक पढ़ी है तो वह बाल विवाह, भ्रूणहत्या और लैंगिक भेदभाव जैसे मुद्दों से खुद ही लड़ लेगी। हमारी सरकार ने लड़कियों को स्कूल ड्रेस और साइकल देने की योजा चलाई है। अब हम अगले तीन सालों में हर गांव में बारहवीं तक स्कूल खोलेंगे।'

नीतीश ने कहा, 'अच्छी बात है कि लोगों को हमारी सरकार से उम्मीदें बढ़ गई हैं और हमारी कमियों को आलोचना की जा रही है। अगर कोई बिहार की तस्वीर अपने मन में सोचे तो वह साइकल पर स्कूल जाती लड़की को देखेगा। हम स्कूल में सिर्फ लड़कियों की उपस्थित नहीं बढ़ाना चाहते बल्कि लड़कियों के लिए समाज की मानसिकता बदलना चाहते हैं।'

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post