Monday, 6 April 2015

बीजेपी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में नहीं बुलाए गए आडवाणी?

नई दिल्ली

सोमवार को बीजेपी ने दिल्ली स्थित मुख्यालय में धूमधाम से पार्टी का 35वां स्थापना दिवस मनाया, मगर सीनियर नेता लाल कृष्ण आडवाणी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं थे। बताया जा रहा है कि बीजेपी के फाउंडर मेंबर आडवाणी को पार्टी ने इस कार्यक्रम का न्योता ही नहीं दिया गया था।

बीजेपी के सीनियर नेता एल.के. आडवाणी के करीबी सूत्रों ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए उन्हें निमंत्रण नहीं मिला था। बताया जा रहा है कि उन्हें इस कार्यक्रम के बारे में किसी भी तरह की सूचना नहीं दी गई थी। स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता पार्टी प्रेजिडेंट अमित शाह ने की।

हाल ही में बेंगलुरु में हुई बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आडवाणी ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की गुजारिश को अनसुना करते हुए भाषण देने से इनकार कर दिया था। पिछले 35 सालों में ऐसा दो बार ही हुआ है, जब इस बैठक में आडवाणी ने भाषण नहीं दिया। इससे पहले 2013 में वह खराब तबीयत का हवाला देकर गोवा में हुई बैठक में शामिल नहीं हुए थे।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव से पहले आडवाणी ने नरेंद्र मोदी को पार्टी का पीएम कैंडिडेट बनाने का विरोध किया था। चुनाव के 2 महीने बाद ही उन्हें, अटल बिहारी वाजपेयी और मुरली मनोहर जोशी को बीजेपी के अहम फैसले लेने वाले संसदीय बोर्ड से हटा दिया गया था। इसके बाद उन्हें मार्गदर्शक मंडल में जगह दी गई थी।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post