Monday, 6 April 2015

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा: राजद से विलय कर नीतीश ने पहले ही मान ली हार

पटना. गांधी मैदान में रविवार को रालोसपा अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगी। गांधी मैदान में तैयारी की समीक्षा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया कि रैली बिहार की राजनीति को बदल देगी। हमारी ताकत से राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी।
कुशवाहा ने कहा कि राजद से विलय की बात कर नीतीश ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है। एनडीए में सीटों के तालमेल पर कहा कि चुनाव के पहले पूरी तालमेल के साथ हम मैदान में जाएंगे। रालोसपा का फोकस सभी 243 विधान सभा सीटों पर है। जहां एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित हो।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार, प्रवक्ता मनोज लाल दास मनु सांसद रामकुमार शर्मा, ललन पासवान, शंकर झा आजाद, डॉ. जगन्नाथ गुप्ता, राजकुमार सिंह, शिवराज सिंह चौहान, राजेश यादव, फजल इमाम, सफदर इमाम, डॉ. फैज अली, प्रो. अभयानंद सुमन, अनिल यादव आदि मौजूद थे।
केंद्र से बकाया राशि दिलाने में करेंगे मदद 
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विकेंद्रीकृत तरीके से धान खरीद मामले में केंद्र पर यदि बकाया है, तो वापस दिलाने में मदद की जाएगी। राज्य की वाजिब मांग को पूरा कराया जाएगा। धान बेचने वाले किसानों को भुगतान नहीं होना गंभीर मामला है। हर हाल में बकाया भुगतान होना चाहिए।
पहले रूठे फिर मान गए स्वराज 
रालोसपा के प्रदेश महासचिव पद से इस्तीफा देने के कई माह बाद रालोसपा नेता नागेश्वर सिंह स्वराज ने पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष को भी पत्र भेज दिया। इस्तीफा संबंधी पत्र शुक्रवार को फेसबुक पर भी सार्वजनिक कर दिया था।
शनिवार को पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं के आश्वासन के बाद इस्तीफा वापस ले लिया। उनका आरोप था कि पार्टी में बाद में आने वाले अपरिचित चेहरों को भी बड़ा पद दिया जा रहा है।
अगल-बगल होगा केंद्रीय व राज्यमंत्री का कार्यक्रम
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी और राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा दोनों रविवार को पटना में ही रहेंगे तथा एक साथ अलग-अलग कार्यक्रम में शरीक होंगे। कार्यक्रम स्थल भी पास-पास ही है। ईरानी श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल होंगी, तो कुशवाहा गांधी मैदान में रालोसपा की रैली में।
भाजपा महिला मोर्चा का सम्मेलन आज, स्मृति आएंगी
भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन में रविवार को पार्टी के बड़े नेता शिरकत करेंगे। कार्यक्रम श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा। इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राधामोहन सिंह, राजीव प्रताप रूडी, रामकृपाल यादव के साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, नंदकिशोर यादव, प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में स्मृति ईरानी को विशेष रूप से बुलाया गया है। ईरानी पर टिप्पणी को लेकर बिहार विधानसभा की कार्यवाही एक दिन बाधित रही थी। प्रदेश उपाध्यक्ष संजय मयूख ने बताया कि बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव भी शाम छह बजे पटना आएंगे। पांच दिवसीय दौरे पर वे लखीसराय, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर जाएंगे।
स्मृति ईरानी व राधामोहन सिंह सम्मेलन में भाग लेने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे, जबकि रूडी पटना व छपरा के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे छह अप्रैल को दिल्ली लौटेंगे।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post