Wednesday, 8 April 2015

लोकगायिका ललिता शर्मा और उनके पति की हत्‍या करके नौकर फरार

मेरठ. मेरठ में हरियाणा की एक लोकगायिका की हत्या कर दी गई. पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे घर के नौकर का हाथ है. ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के ईरा गार्डन में प्रख्यात हरियाणवी लोकगायिका ललिता उर्फ नागिया और उसके पति मोनू शेख की मंगलवार को तड़के नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई. कातिलों ने दोनों का गला रेत दिया. दंपति के नौ साल के बेटे पर कातिलों ने रहम किया और उसे जिंदा छोड़ दिया. हत्यारे घर से भारी मात्रा में जेवरात और नकदी भी समेट ले गए. पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं. कातिलों में एक ललिता का नौकर और एक पुराना पड़ोसी बताया जा रहा है. ईरा गार्डन के अपने फ्लैट में ललिता और उनका पति पिछले तीन साल से रह रहे थे. उनके साथ उनका बेटा अयान शेख (9 साल) भी था. परिवार के साथ नौकर सलमान भी रहता था. बालक अयान शेख ने पुलिस को बताया है कि मंगलवार की सुबह सलमान के साथ आदिल नाम के अन्य शख्स ने ललिता और मोनू को कब्जे में लेकर दोनों का गला रेत दिया. उस वक्त सभी नींद में थे. दंपति की चीख-पुकार सुनकर बेटा अयान जाग गया और उसने अपने मम्मी-पापा का आंखों के सामने कत्ल होते देखा. बताया जा रहा है कि इस पर आदिल ने अयान को भी मारने का फैसला किया तो सलमान ने उसे यह कहते हुए रोक दिया कि इस बच्चे के नाम काफी सारी जायदाद है. इसके बाद सलमान ने अयान को डरा-धमकाकर जुबान बंद रखने की बात कहते हुए उसे अपने साथ ऊंचा सद्दीकनगर मोहल्ला स्थित अपने घर ले गया.
आदिल भी इसी मोहल्ले का रहने वाला बताया गया है. अयान ने पुलिस को बताया कि ऊंचा सद्दीकनगर में वह तीन साल पहले अपने मां-बाप के साथ रह चुका है. इसी क्रम में बाइक मिस्त्री जीशान को वह तभी से पहचानता था. जीशान ने अयान से जब ऊंचा सद्दीकनगर आने के बारे में पूछा तो उसने सारी कहानी उगल दी. उसने बताया कि सलमान और आदिल ने आज तड़के उसके मां-बाप को मार दिया.
मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिलान्तर्गत हांसी तहसील की निवासी ललिता ने करीब नौ साल पूर्व अपने ड्राइवर मोनू शेख से शादी की थी. मोनू भी हांसी का ही था. ललिता ने हरियाणवी गीत-संगीत में हाल के वर्षों में जबरदस्त कामयाबी पाई और वह काम-काज के ही सिलसिले में मेरठ के ऊंचा सद्दीकनगर में किराये के मकान में आकर रहने लगी.
हां करीब छह साल तक किराये पर रहने के बाद इस दंपति ने ईरा गार्डन में एक फ्लैट खरीदा और यहीं शिफ्ट कर गए. बाद में ईरा गार्डन में इन्होंने एक और अन्य फ्लैट खऱीदा. बताया गया है कि बेटे अयान के नाम पर इस दंपति ने नोएडा में भी दो फ्लैट खरीदे हैं. ललिता और मोनू की इन सारी जायदाद के बारे में उनके नौकर सलमान को सारा पता था. वह काफी दिनों से इस दंपति के यहां नौकर था. इस नाते सलमान को यह भी पता था कि घर में भारी मात्रा में जेवर और नकदी पड़ी है. पुलिस का मानना है कि इसी माल के लालच में उसने ऊंचा सद्दीकनगर स्थित अपने साथी आदिल के साथ दंपति के कत्ल की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे डाला. ललिता ललिता उर्फ नागिया हरियाणा म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी स्टार थीं. उनके कई एलबम हिट हुए हैं. हालिया रिलीज मेरे बिच्छू लड़ग्या रात में नामक एलबम ने तो रिकार्डतोड़ सफलता हासिल की.

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post