वैंकूवर : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस, जर्मनी और कनाडा की तीन देशों की अपनी यात्रा संपन्न कर स्वदेश रवाना हो गए हैं। यात्रा के दौरान फ्रांस के साथ 36 राफेल विमानों की आपूर्ति और कनाडा के साथ यूरेनियम करार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी रवानगी से पहले ट्वीट किया, 'गहन संतोष के साथ मैं कनाडा से रवाना हो रहा हूं। यह यात्रा भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी। कनाडा के लोगों का बहुत बहुत शुक्रिया।' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'प्रधानमंत्री हार्पर का विशेष रूप से शुक्रिया। एक बेहतरीन मेजबान, शानदार इंसान और बेहद करीबी दोस्त।'
प्रधानमंत्री का विमान दिल्ली की ओर बढ़ने से पहले फ्रैंकफर्ट में ईंधन भरने के लिए कुछ समय रुकेगा। मोदी की इस यात्रा में 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम के जरिये भारत के विकास की खातिर निवेश और तकनीक को आकर्षित करने पर विशेष जोर रहा। इससे पहले कनाडा के तीन दिन की यात्रा के अंतिम पड़ाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैंकूवर पहुंचे और उन्होंने गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। मोदी के साथ कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर भी साथ थे।
No comments:
Post a Comment