Saturday, 4 April 2015

सीपीएम नेता को बीजेपी ने जबरन बनाया मेंबर

ओडिशा से सीपीएम के सीनियर नेता जनार्दन पाटी विशाखापटनम में महत्वपूर्ण पार्टी कांग्रेस के लिए कमर कस रहे थे। पार्टी कांग्रेस के बाद 22 मार्च की शाम इन्होंने एक अज्ञात नंबर से कॉल रिसीव किया। पाटी ने बिना कुछ सोचे कॉल का जवाब दिया। इस दौरान पाटी को रेकॉर्डेड आवाज में तत्काल सूचित किया गया कि वह बीजेपी के प्राथमिक सदस्य बन गए हैं। कॉल कट होने के बाद पाटी को मेसेज मिला, 'बीजेपी में आपका स्वागत है।'

मिस्ड कॉल के जरिए प्राथमिक सदस्य बनाने के बीजेपी के अभियान की यह भी एक हकीकत है। मिस्ड कॉल के जरिए सदस्यों की संख्या के मामले में बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। जनार्दन पाटी मामले में तो मिस्ड कॉल का भी मामला नहीं है। इस सीपीएम नेता का कहना है कि उनके पास फोन आया और इसमें ओडिशा बीजेपी प्रेजिडेंट कनकवर्धन सिंह देव की रेकॉर्डेड आवाज थी। कनक ने इसी आवाज में सीपीएम नेता को बीजेपी में शामिल कर लिया।

पाटी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, 'मुझे कोई मिस्ड कॉल नहीं मिली थी। मेरे पास कॉल आई थी और मैंने जवाब दिया। मैंने अपनी तरफ से न तो कोई कॉल किया था और न ही मेसेज।'

बीजेपी की तरफ से आए स्वागत मेसेज में पाटी को मेंबरशिप नंबर (1079741000) भी दिया गया। इन्हें मेसेज 7.27 बजे शाम में मिला था। मेसेज में इनसे सदस्यता की प्रक्रिया पूरी करने के लिए नाम, पता, पिन कोड और दूसरी डिटेल मांगी गई थी। पाटी सीपीएम में 1969 से हैं और दो दशक से सेंट्रल कमिटी के मेंबर हैं।

पाटी ने कहा, 'यह लोकतंत्र नहीं है। बीजेपी पूछ भी नहीं रही है कि क्या आप पार्टी का सदस्य बनना चाहते हैं या नहीं। ये पार्टी की सदस्यता लोगों पर थोप रहे हैं। ये हर कोई को पार्टी का सदस्य फर्जी तरीके से बना रहे हैं।' पाटी इस मामले में इलेक्शन कमिशन को लिखने जा रहे हैं। वह कमिशन से अनुरोध करेंगे कि इस मामले में वह हस्तक्षेप करे। इससे पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कुछ नेताओं ने दावा किया था कि उन्हें बीजेपी का सदस्य बना दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post