Tuesday, 14 April 2015

इस तरह से बढ़े पीएम मोदी के फेसबुक पेज लाइक्स!

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फेसबुक पेज भी उन्हीं की तरह लोकप्रिय हो रहा है। सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स के अनुसार इस पेज की लोकप्रियता और लाइक्स मोदी के बढ़ते समर्थन को बताते हैं।

देश में पहली बार ऎसा हुआ कि सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता या अन्य किसी सेलिब्रिटी के बजाय कोई नेता पापुलर हुआ और न केवल लोकप्रिय हुआ वरन देश का सबसे ज्यादा लाइक किए जाने वाले फेसबुक पेज बनाने में भी सफल रहा। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस कारनामे को अंजाम दिया है।

टि्वटर और फेसबुक पर मिलाकर उनके लगभग चार करोड़ फॉलोअर्स हैं। आज वह देश की सबसे प्रसिद्ध शख्सियत बन चुके हैं। आइए जानते हैं किस तरह से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता परवान चढ़ी।

गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने अपना फेसबुक पेज लॉन्च किया था। वर्ष 2013 में प्रधानमंत्री पद के लिए उनकी प्रबल दावेदारी को देखते हुए जुलाई 2013 में उनके फेसबुक पेज पर लाइक्स बढ़कर 23 लाख हो गए। जो दिन दूनी रात चौगुनी रफ्तार से बढ़ते रहे। लोकसभा चुनाव में भाजपा के अकेले बहुमत प्राप्त करने के बाद मई 2014 में उनके फेसबुक लाइक्स बढ़कर 1.56 करोड़ हो गए।

इसके बाद महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज करने के बाद उनके लाइक्स 2.36 करोड़ हो गए जो कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने तक 2.67 करोड़ हो चुके थे। इसके बाद यह आंकड़ा कुछ दिन के लिए रूक गया।

इसके बाद जनवरी 2015 में ओबामा की भारत यात्रा के दौरान खुद के नाम वाला विवादास्पद सूट पहनने से मोदी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए। इसी दौरान हिंदूवादी संगठनों के घर वापसी कार्यक्रम और विवादास्पद बयानों के चलते उनके फेसबुक पेज की लोकप्रियता बढ़ी और उनके कुल 2.79 लाइक्स हो गए।

मोदी के फेसबुक पेज की बढ़ती प्रसिद्धी को बेमौसम बारिश ने एकदम से थाम दिया। बारिश के बाद किसानों के आत्महत्या करने की खबरें आने से मोदी सरकार की आलोचना होने लगी। इसी के साथ भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर भी वह लोगों के निशाने पर आए जिसके चलते उनके फेसबुक लाइक्स अचानक ही नीचे आ गए।

हालही में मोदी तीन देशों की यात्रा पर रवाना हुए। इस यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण राफेल फाइटर प्लेन सौदे पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही जर्मनी के सबसे बड़े व्यापार मेले का उदघाटन कर वह फिर एक बार विश्व सुर्खियों में आ गए। इन्हीं सब के चलते उनके फेसबुक पेज पर लाइक्स वापिस बढ़कर 2.79 करोड़ हो गए।

भारत में सोशल मीडिया के मामले में मोदी जहां निर्विवाद रूप से नंबर वन है वहीं दूसरे नम्बर पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान आते हैं। उनके फेसबुक पेज पर 2.45 क रोड़ लाइक्स और टि्वटर फॉलोअर्स की संख्या 1.14 करोड़ है। इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, बॉलीवुड म्यूजीशियन ए.आर. रहमान और अभिनेता अमिताभ बच्चन का नाम आता है। 

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post