Thursday, 9 April 2015

IPL के दूसरे ही मैच में आमने-सामने होंगे धोनी और युवराज

एक आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम तो दूसरी पिछले सत्र की सबसे फिसड्डी इकाई। एक तरफ महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स तो दूसरी ओर जेपी डुमिनी के नेतृत्व वाली दिल्ली डेयरडेविल्स। मगर फिर यही तो क्रिकेट है, महान अनिश्चितताओं का खेल। यहां हर दिन और हर मैच नया होता है।
चेन्नई की टीम पिछले 7 आईपीएल सत्रों में हर बार सेमीफाइनल में पहुंची है। लगातार 4 बार तो इस टीम ने फाइनल खेले हैं, जबकि 2 खिताब अपने नाम किए हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच मुकाबला बृहस्पतिवार रात 8 बजे से सोनी सिक्स पर होगा।

कप्तान धोनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग की इस टीम में सितारों की फौज है। बल्लेबाजों में जहां ब्रैंडन मैकुलम, फैफ डु प्लेसिस, ड्वेन स्मिथ, सुरेश रैना, माइक हसी और खुद कप्तान धोनी किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ने में माहिर हैं, वहीं गेंदबाजी में पेसर काइल एबोट, आशीष नेहरा, ईश्वर पांडेय, मैट हेनरी, मोहित शर्मा, स्पिनर रविंद्र जडेजा, आर अश्विन और राहुल शर्मा मौजूद हैं। 
ऑलराउंडर के तौर पर टीम के पास इरफान पठान और ड्वेन ब्रावो है। हालांकि टीम ने अपना दूसरा और आखिरी खिताब 3 साल पहले जीता था। ऐसे में उसका इरादा इस बार खिताबी सूखा खत्म करके आलोचकों को करारा जवाब देने का होगा।
वहीं टूर्नामेंट के पिछले 7 संस्करणों में एक बार भी फाइनल का मुंह नहीं देखने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स ने इस बार पूरी टीम का कायापलट किया है। नीलामी में यह टीम कुछ बड़े नामों को अपने साथ जोड़ने में सफल रही है।

दिल्ली डेयरडेविल्स ने टीम इंडिया से बाहर चल रहे 33 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज युवराज सिंह पर भरोसा जताया है। युवी को आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी राशि 16 करोड़ रुपए देकर खरीदा गया है। बल्लेबाजी में युवराज के अलावा कप्तान डुमिनी, क्विंटन डी कॉक, मनोज तिवारी, सौरभ तिवारी पर दारोमदार होगा।

वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, जहीर खान, जयदेव उनादकट, कूल्टर नाइल मौजूद होंगे। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अमित मिश्रा, शहबाज नदीम और इमरान ताहिर पर होगी, जबकि टीम में बतौर ऑलराउंडर एल्बी मोर्केल और एंजेलो मैथ्यूज होंगे।
मैच में जब धोनी और युवराज आमने-सामने होंगे तो दोनों के जेहन में युवी के पिता योगराज सिंह के विवादित बोल भी होंगे। योगराज ने युवी को वर्ल्ड कप से बाहर होने के लिए कप्तान धोनी पर आरोप लगाया था। फिर इसके बाद दो दिन पहले उन्होंने धोनी को ‌भिखारी होने की बात भी कही थी।

इस सत्र के अपने शुरुआती मैच के साथ ही चेन्नई सुपरकिंग्स का इरादा पिछले विवादों को पीछे छोड़ने का भी होगा। आईपीएल की सबसे कामयाब टीम चेन्नई स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों से घिरी रही है।

साथ ही टीम प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन को पिछले साल सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित जांच समिति ने कसूरवार ठहराया था, जिसके बाद इस टीम के आईपीएल में हिस्सा लेने पर ही सवाल उठने लगे थे। 

टीम चेन्नई सुपर किंग्स- एमएस धोनी (कप्‍तान/ विकेटकीपर), बाबा अपराजित, रविचंद्रन अश्विन, सैमुअल बद्री, फाफ डु प्लेसिस, जॉन हस्टिंग्स, मैट हेनरी, बेन हिलफेन्हास, माइक हसी, रविंद्र जडेजा, ब्रेंडन मैककुलम, मिथुन मन्हास, रोनित मोर, पवन नेगी, आशीष नेहरा, ईश्वर पांडेय, सुरेश रैना, विजय शंकर, मोहित शर्मा, ड्वेन स्मिथ, ड्वेन ब्रावो, कायले एबोट, एंड्रयू टाय, राहुल शर्मा, अंकुश बैंस, इरफान पठान, प्रत्युश सिंह, एकलव्य द्विवेद्वी। 

टीम दिल्ली डेयरडेविल्स- जेपी डुमिनी (कप्‍तान), युवराज सिंह, मनोज तिवारी, क्विंटन डी कॉक, इमरान ताहिर, नाथन कल्टर नील, एंजेलो मैथ्यूज, गुरिंदर संधू, त्राविश हेड, एल्बी मोर्कल, मार्कस स्तोनिस, केदार जाधव, मयंक अग्रवाल, मोहम्मद शमी, अमित मिश्रा, जयदेव उनादकट, जहीर खान, शाहबाज नदीम, सौरभ तिवारी, जयंत यादव, श्रेयास अयर, सीएम गौतम, श्रीकर भारत, केके जियास, डोमनिक जोसफ।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post