Monday, 13 April 2015

IPL-8 : पंजाब ने मुंबई को 18 रन से हराया

मुंबई। किंग्‍स इलेवन पंजाब ने रविवार को आईपीएल-8 के सातवें मुकाबले में मेजबान मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया। किंग्‍स इलेवन पंजाब ने वानखेड़े स्‍टेडियम पर टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 177 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 159 रन बना सकी।
मुंबई की ओर से हरभजन सिंह (64) और जगदीश सुचित (नाबाद 31 रन) ने पंजाब के गेंदबाजों के सामने जरूर किला लड़ाया और मैच में मुंबई के जीतने की आस जगाई, लेकिन यह नाकाफी साबित हुई। दोनों ने सातवें विकेट के लिए मात्र 37 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की। मुंबई की तरफ से हरभजन सिंह सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। पंजाब की ओर से मिचेल जॉनसन और अक्षर पटेल ने दो तथा अनुरीत सिंह और संदीप शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।
178 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही। संदीप शर्मा ने कप्‍तान रोहित को खाता भी नहीं खोलने दिया और पगबाधा करके डगआउट लौटा दिया। आदित्‍य तारे (5) को अनुरीत सिंह ने कवर्स में मुरली विजय के हाथों झिलवाया। इसके बाद मिचेल जॉनसन की आग उगलती गेंद एरॉन फिंच (8) के डंडे बिखेरते हुए निकल गई। अक्षर पटेल ने घातक कोरी एंडरसन (5) को स्‍टंपिंग कराकर मुंबई का संकट बढ़ा दिया। अंबाती रायुडू (13) को जॉनसन ने साहा के हाथों कैच कराकर अपना दूसरा शिकार किया। किरोन पोलार्ड (20) को अक्षर ने मिलर के हाथों की शोभा बनाया।
इसके बाद हरभजन सिंह ने वानखेड़े स्‍टेडियम पर अपनी अलग पहचान बना ली। उन्‍होंने मात्र 24 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्‍कों की मदद से 64 रन की पारी खेली। हरभजन की पारी की बदौलत मुंबई एक समय मैच में लौटता दिख रहा था। उसे आखिरी ओवर में 29 रन की दरकार थी, लेकिन यह संभव नहीं हो सका।
इससे पहले जॉर्ज बैली (नाबाद 61 रन) की कप्‍तानी पारी की बदौलत पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 177 रन बनाए। जॉर्ज बैली के साथ मिचेल जॉनसन (3) रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई इंडियंस की तरफ से लसिथ मलिंगा और हरभजन सिंह ने दो तथा जगदीश सुचित ने एक विकेट लिया।
पंजाब के लिए जॉर्ज बैली ने कप्‍तानी पारी खेली। उन्‍होंने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया तथा 1,000 रन के आंकड़ें को पार किया। मैच में बैली ने 32 गेंदों का सामना किया और 3 चौके व 3 छक्‍कों की मदद से 61 रन बनाए।
मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम पर रविवार को पंजाब के सलामी बल्‍लेबाजों ने अच्‍छी शुरुआत की। वीरेंद्र सहवाग (36) और मुरली विजय ने पहले विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। सहवाग अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे थे कि तभी हरभजन की फिरकी में उलझे और लांग ऑन पर किरोन पोलार्ड को आसान कैच थमाकर पवैलियन लौट गए।
इसके बाद टीम की जान ग्‍लेन मैक्‍सवेल (6) कुछ खास नहीं कर सके और जगदीश सुचित की गेंद पर अंबाती रायुडू को कैच थमाकर डगआउट में जा बैठे। इसके बाद भज्‍जी ने अपनी फिरकी का अगला शिकार मुरली विजय (35) को बनाया। विजय ने डीप मिडविकेट पर सुचित को आसान कैच थमा दिया।
डेविड मिलर (24) को मलिंगा ने विकेटकीपर तारे के हाथों की शोभा बनाया। ऋषि धवन (5) आक्रामक पारी नहीं खेल सके और मलिंगा की गेंद पर विनय कुमार को कैच देकर डगआउट में लौट गए।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post