Friday, 3 April 2015

जब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ट्रायल रूम में मिला खुफिया कैमरा

बीजेपी शासित गोवा में परिवार समेत छुट्टियां मना रहीं केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी उस वक्त हैरान रह गईं, जब उन्हें एक शोरूम के ट्रायल रूम में हिडेन कैमरा लगा हुआ मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, स्मृति के साथ यह वाकया होने की पुष्टि गोवा के एक बीजेपी एमएलए माइकल लोबो ने भी की है।
यह घटना उस वक्त हुई, जब स्मृति शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे के करीब कलंगुट बीच स्थित एक नामी कपड़ों के शोरूम फैब इंडिया में गई थीं। सूत्रों के मुताबिक, कैमरा इस तरीके से लगा था कि आसानी से न दिखे। स्मृति ने इस मामले की जानकारी सबसे पहले अपने पति को दी। इसके बाद उन्होंने स्थानीय बीजेपी विधायक माइकल लोबो को पूरी घटना के बारे में बताया।माइकल ने कहा कि स्मृति ईरानी ने इस मामले के बारे में उन्हें फोन कर बताया।
एक्शन में पुलिस
गोवा के विधायक ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, स्मृति ने कैंडोलिम पुलिस स्टेशन में बयान दर्ज कराया है। पुलिस ने स्टोर के खिलाफ महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने शोरूम से कुछ हार्ड डिस्क और कैमरे बरामद किए हैं। वहीं, गोवा के सभी शोरूम के चेंजिंग रूम की जांच के आदेश दे दिए हैं। लोबो ने कहा है कि वे शनिवार को इस बारे में गोवा पुलिस के डायरेक्टर जनरल से बातचीत करेंगे।
चार महीने पहले लगा था कैमरा
स्टोर के स्टाफ के मुताबिक, कैमरा करीब चार महीने पहले इंस्टॉल किया गया है। इसकी फुटेज मैनेजर के ऑफिस में रिकॉर्ड होती है। लोबो के मुताबिक, मैनेजर के दफ्तर में लगे कम्प्यूटर में काफी फुटेज रिकॉर्ड है। हालांकि, शोरूम का मैनेजर शुक्रवार को छुट्टी पर था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इस कैमरे को किसने लगवाया?

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post