Friday, 3 April 2015

आज रैना के घर बजेगी शहनाई, न्योता न मिलने से खेल मंत्री खफा

टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना आज प्रियंका चौधरी संग शादी के बंधन में बंध जाएंगे। दिल्ली के होटल

 लीला पैलेस में होने वाली इस शादी की सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस बीच खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल शादी के लिए निमंत्रण नहीं मिलने पर नाराज हो गए हैं। दरअसल, रैना ने केंद्रीय खेल मंत्री सोनोवाल को अपनी शादी का निमंत्रण नहीं भेजा है। केन्द्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को निमंत्रण भेजा गया है, लेकिन शादी के लिए मेरे पास कोई निमंत्रण नहीं आया है। रैना की सगाई उनकी मां की दोस्त की बेटी प्रियंका चौधरी से बुधवार को हुई थी। प्रियंका नीदरलैंड्स के एक बैंक में अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। इस हाईप्रोफाइल शादी में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी सहित कई नामी-गिरामी लोगों को न्योता भेजा गया है। टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स के कई क्रिकेटर इस शादी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि आइपीएल टीमों के कैंप लग जाने के कारण कई खिलाडिय़ों का आना मुश्किल होगा। पीएम ने भेजा बधाई संदेश, शादी में नहीं होंगे शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रिकेटर सुरेश रैना की शादी में शामिल नहीं होंगे। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री ने बधाई संदेश भेजकर सुरेश रैना के मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय से एक वरिष्ठ अधिकारी प्रधानमंत्री का पत्र लेकर राजनगर स्थित शादी सुरेश रैना के घर पहुंचे। रैना के घर वालों से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कुछ बोलने से इन्कार कर दिया। आपको बता दें कि सुरेश रैना प्रधानमंत्री के पंसदीदा खिलाड़ी हैं और प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान से भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के शादी समारोह में शामिल होने को लेकर सुरेश रैना के परिजन और रिश्तेदार काफी उत्साहित थे। गुरुवार को दोपहर बाद प्रधानमंत्री कार्यालय से एक अधिकारी प्रधानमंत्री का पत्र लेकर राजनगर स्थित सुरेश के घर पहुंचे। सुरेश रैना के करीबी और वीवीआइपी ग्रुप के निदेशक प्रवीण त्यागी ने बताया कि प्रधानमंत्री को शादी में आने के लिए आमंत्रित किया गया है लेकिन भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में व्यस्तता के कारण उनके शादी समारोह में शामिल होने की संभावना कम है। कौन है प्रियंका चौधरी? रैना की होने वाली पत्नी का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बड़ौत (बागपत) जिले से संबंधित है। पिता की नौकरी मुरादनगर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में होने की वजह से प्रियंका का परिवार वहीं स्टाफ क्वार्टर में रहता है। यहीं सुरेश रैना का परिवार भी रह रहा था। प्रियंका और रैना की मां आपस में अच्छी दोस्त हैं। दोनों के पिता साथ में काम करते थे। दोनों परिवारों की दोस्ती अब रिश्तेदारी में बदलने जा रही है। पारिवारिक दोस्ती के चलते सुरेश और प्रियंका भी दोस्त बन गए, लेकिन प्यार जैसा अहसास काफी बाद में जुड़ा। रैना के करीबी दोस्तों के मुताबिक वह कुछ साल पहले टीम इंडिया की ओर से एक मैच खेलने बेंगलुरु गए, तो वहां प्रियंका से भी मिले। जो उस वक्त वहां नौकरी कर रहीं थीं। इस मुलाकात में ही रैना अपना दिल दे बैठे, लेकिन तब दोनों का ध्यान अपने अपने करियर पर टिका था। रैना टीम इंडिया की ओर से धमाल दिखाते रहे तो प्रियंका विप्रो की नौकरी मिलने के बाद कंपनी की नीदरलैंड्स शाखा में काम करने के लिए चली गईं। प्रियंका ने गाजियाबाद स्थित कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी से बीटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु में कुछ समय तक आइटी प्रोफेशनल के तौर पर काम किया। प्रियंका के दो बड़े भाई भी आइटी इंजीनियर हैं। एक का नाम अभिषेक है और दूसरे का विवेक। एक बेंगलूर में काम करते हैं, तो दूसरे ग्रेटर नोएडा में। प्रियंका की क्रिकेट में खूब दिलचस्पी है। आखिर रैना के रंग में तो उनको रंगना ही था। वह क्रिकेट मैच देखती भी हैं और उसका विश्लेषण भी करती हैं। पढऩे के साथ-साथ प्रियंका की संगीत में भी खूब दिलचस्पी है। वह शादी के बाद नौकरी छोड़कर घर बसाने का मन बना चुकी हैं। 

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post