मुंबई। महाराष्ट्र के मल्टीप्लेक्स में मराठी फिल्म दिखाए जाने के मुद्दे पर लेखिका शोभा डे शिवसेना के निशाने पर हैं। शिवसेना के कार्यकर्ता डंडे लेकर शोभा के घर के बाहर पहुंचे और शोभा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। गौरतलब है कि शोभा डे के ट्वीट पर पहले तो उनके खिलाफ विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया गया, फिर शिवसेना के मुखपत्र सामना में भी उनपर जमकर हमला बोला गया।
मामला यही खत्म नहीं हुआ, आज शोभा डे ने ट्वीट कर कहा था कि- मुझे चेतावनी दी गई है कि शिवसेना मोर्चा मेरे घर की तरफ बढ़ रहा है।
बहरहाल, इस मामले को गर्माता देख पुलिस ने शोभा डे की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने उनके घर के बाहर गार्ड्स तैनात किए हैं ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। इस बीच शिवसैनिक उनके घर के बाहर पहुंच भी गए।
क्या है मामला?
महाराष्ट्र की देवेंद्र फड़णवीस सरकार ने राज्य के सारे मल्टीप्लेक्स में प्राइम टाइम में मराठी फिल्में दिखाना जरूरी कर दिया है। इसके मुताबिक मल्टीप्लेक्स में हर रोज शाम 6 से 9 बजे का प्राइम टाइम मराठी फिल्मों के लिए रिजर्व रखना होगा। जानी मानी लेखिका शोभा डे ने इस फरमान का विरोध किया है।
शोभा डे ने इस मुद्दे पर कहा कि मराठी सिनेमा अच्छा है। ये कुछ महान फिल्में देता है। इसे पूरे महाराष्ट्र में प्रमोट होना चाहिए। सरकार उन्हें सब्सिडी दे सकती है, उनके लिए बुनियादी ढांचा तैयार कर सकती है, डिस्ट्रीब्यूशन और मार्केटिंग में मदद कर सकती है और उन्हें दिखाने के लिए मल्टीप्लेक्स भी किराये पर ले सकती है लेकिन सरकार मराठी सिनेमा को इस तरह अनिवार्य नहीं कर सकती।
इसके बाद शोभा डे ने इस मुद्दे पर एक के बाद एक ट्वीट किए। शोभा ने ट्वीट किया कि देवेंद्र ‘डिक्टेटवाला’ फड़णवीस ने फिर वही किया। गोमांस से लेकर मूवी तक। ये वो महाराष्ट्र नहीं है जिसे हम सब प्यार करते हैं। नाको! नाको! ये सब रोको!
इसके बाद शोभा ने ट्वीट किया कि मुझे मराठी मूवी पसंद हैं। मुझे निर्णय लेने दें देवेंद्र फड़नवीस कि मैं उन्हें कहां और कब देखूं। ये कुछ नहीं सिर्फ दादागीरी है। अगले ट्वीट में उन्होंने कहा कि मुंबई के मल्टीप्लेक्स में पॉपकोर्न अब और नहीं? सिर्फ दही मीसल और वडा पाव। प्राइम टाइम में मराठी मूवी के साथ यही बेहतर होगा।
शोभा के इन ट्वीट से राजनीति गर्मा गई। शिवसेना के एक विधायक ने विधानसभा में उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव रखा जिसपर इस लेखिका को नोटिस जारी कर दिया गया। हालांकि नोटिस मिलने के बाद शोभा ने एक और ट्वीट किया और लिखा ‘अब एक विशेषाधिकार प्रस्ताव मुझसे माफी की मांग कर रहा है। कम ऑन। मैं एक गर्वीली महाराष्ट्रियन हूं और मराठी फिल्में पसंद करती हूं। हमेशा से हूं और हमेशा रहूंगी’।
No comments:
Post a Comment