दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रवि शंकर को कुछ लेटर्स भेजकर जान से मारने की धमकी दी है। यह धमकी उन्हें उस वक्त दी गई, जब वे मलेशिया में अपने एक शिविर का आयोजन कर रहे थे। एक चिट्ठी होटल मैनेजर को, एक चिट्ठी आर्ट ऑफ लिविंग के डायरेक्टर जबकि आखिरी चिट्ठी संगठन के ही एक सीनियर फैकल्टी को मिली है। मलेशिया के पेनांग में होटल जेन के मैनेजर को जो पत्र मिला, जिसमें आईएसआईएस ने चेतावनी देते हुए लिखा है कि अगर होटल श्री श्री रवि शंकर को अपने यहां ठहरने देगा तो इसके बुरे अंजाम भुगतने पड़ सकते हैं। लेटर में आरोप लगाया गया है कि गुरु खुद को गैर धार्मिक शख्स करार देते हैं, लेकिन आर्ट ऑफ लिविंग इराक और ईरान में मुस्लिमों का धर्मान्तरण करा रहा है। लेटर के मुताबिक, यह इस्लामिक मामलों में सीधी दखल है। चिट्ठी में कहा गया है कि आईएसआईएस चाहता है कि रविशंकर किसी भी मुस्लिम देश में कदम न रखें। इस मामले में आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर बेंगलुरू की पीआरओ मानसी धर्मराज ने बताया कि संस्था की तरफ से इस संबंध में भारतीय दूतावास और स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
इराक गए थे श्री श्री
रविशंकर पिछले साल जुलाई में आतंकी संगठन से शांति की अपील करने के लिए इराक के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने दो बड़े शिया नेताओं से मुलाकात की थी। रविशंकर ने तब इराकी धार्मिक नेताओं से कहा था कि वे अपने अनुयायियों को समझाएं कि अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए वे हिंसा का सहारा न लें। इसके अलावा रविशंकर 19 और 20 नवंबर 2014 को सिंजर के पहाड़ियों में बने यजीदी कैंपों के दौरे पर भी गए थे। संस्था से जुड़े एक एनजीओ ने हाल ही में 110 टन खाद्य सामग्री यजीदी कैंपों में बांटी थी। इससे पहले श्री श्री 2007 में भी इराक के दौरे पर गए थे। लगभग एक दशक से हिंसा का दौर देख रहे इराक में आर्ट ऑफ लिविंग सक्रिय है।

No comments:
Post a Comment