फ्रांस के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में क्रैश जर्मनविंग्स एयरलाइंस के प्लेन के मामले की जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। फ्रेंच जांचकर्ताओं ने कहा है कि प्लेन को जानबूझकर क्रैश कराया गया। इस खुलासे से फिदायीन हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्लेन के ब्लैक बॉक्स रिकॉर्डर से पता चला है कि क्रैश होने से कुछ मिनट पहले को-पायलट एंड्रियास लुबिज कॉकपिट में लॉक हो गया था। इस बीच जर्मनी के मोनाबाउर शहर स्थित उसके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि मंगलवार को हुए इस हादसे में प्लेन में सवार सभी 150 लोगों की मौत हो गई थी। वॉइस रिकॉर्डर में दर्ज ऑडियो बताती है कि एयरबस A320 का एक पायलट कॉकपिट से बाहर निकला था, लेकिन उसमें वापस नहीं आ सका। ऐसे में को-पायलट एंड्रियास सवालों के घेरे में है। सवाल यह है कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया होगा? नजर डालते हैं एंड्रियास से संबंधित कुछ अहम बातों पर।
1. जांचकर्ताओं के मुताबिक, 28 वर्षीय को-पायलट एंड्रियास ने दूसरे पायलट के लिए कॉकपिट का दरवाजा खोलने से मना कर दिया। उसने प्लेन का कंट्रोल खुद ले लिया और प्लेन को आल्प्स पहाड़ी की ओर ले गया।
2. फ्रेंच जांचकर्ताओं के मुताबिक, एंड्रियास जर्मन नागरिक है। उसके खिलाफ किसी प्रकार का कोई आतंकी रिकॉर्ड नहीं है।
3. जांच में यह भी पता चला है कि को-पायलट की मंशा प्लेन को तबाह करने की थी। ऐसा करने के लिए उसके पास कोई कारण नहीं था।
4. वॉयस रिकॉर्डर से खुलासा हुआ है कि प्लेन क्रैश होने से 10 मिनट पहले तक को-पायलट ने एक भी शब्द नहीं कहा। वहीं, दूसरा पायलट कॉकपिट का दरवाजा पीटता रहा, यहां तक की तोड़ने की भी कोशिश की थी।
5. जांचकर्ताओं के मुताबिक, प्लेन 700 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पहाड़ी से टकराया था। अंतिम पलों में पैसेंजर्स काफी चीखते-चिल्लाते सुने गए। क्रैश होने के बाद विमान चकनाचूर हो गया।
6. एंड्रियास एक फ्लाइंग क्लब का मेंबर था। क्लब ने क्रैश की घटना के बाद एक नोटिस जारी किया, जिसमें लिखा था, "एक किशोर के रूप में एंड्रियास हमसे जुड़ा था। वह उड़ान के सपने को साकार करना चाहता था।"
7. रिपोर्ट के मुताबिक, एंड्रियास और दूसरे पायलट पैट्रिक एस, दोनों ने ही जर्मनी के ब्रेमेन शहर स्थित लुफ्थांसा फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल में ट्रेनिंग ली थी।
8. जर्मनविंग्स के प्रवक्ता ने कहा कि सितंबर 2013 में कंपनी के साथ जुड़ने से पहले एंड्रियास को 630 घंटे उड़ान का तजुर्बा था।
9. एंड्रियास जर्मनी के मोनाबाउर शहर से है और अपने परिवार के साथ ही रहता था। डुसेलडोर्फ शहर में भी उसका एक फ्लैट था।
10. स्थानीय रिकॉर्ड के मुताबिक, एंड्रियास एक अच्छा एथलीट भी था। उसने कई स्थानीय रेस में भाग भी लिया था।
No comments:
Post a Comment