Monday, 30 March 2015

इंदौर में पटरी से उतरी दुरंतो, रेल यातायात लड़खड़ाया

शंटिंग के दौरान इंदौर में रविवार दोपहर इंदौर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के एक कोच के दो पहिए पटरी से उतर गए। इससे अवंतिका सवा चार घंटे देरी से रतलाम पहुंची। मुंबई जाने वाले यात्री परेशान होते रहे। भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस भी देरी से आई।

दुर्घटना इंदौर की नई स्टेशन बिल्डिंग, राजकुमार ब्रिज के पास हुआ। सूचना पर रेलवे अधिकारी पहुंचे। उज्जैन से ब्रेक डाउन बुलवाया। तीन घंटे मशक्कत के बाद कोच को पटरी पर लाया जा सका। इसके बाद अवंतिका शाम 7 बजे मुंबई के लिए रवाना हो सकी। इससे यह शाम 7.20 बजे की जगह रात 11.35 बजे आई। रतलाम से दाहोद, वडोदरा, सूरत, मुंबई जाने वाले यात्री सवा चार घंटे तक परेशान होते रहे। रात 11.45 बजे अवंतिका एक्सप्रेस रतलाम से मुंबई रवाना हुई।

ये बोले यात्री- प्रतापगढ़ (राजस्थान) से मुंबई जाने के लिए स्टेशन आई रुचि मेहता ने बताया शाम छह बजे से स्टेशन आ गए थे। तब से ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। साथ में छोटा बच्चा परेशान हुआ। ट्रेन कितनी देरी से आएगी इसकी भी सही जानकारी नहीं दी गई। मुंबई जा रहे रतलाम निवासी डी.एल. निनामा ने बताया सात बजे से स्टेशन पर बैठे थे। पहले एनाउंस किया ट्रेन ढाई घंटे लेट आएगी। बाद में थोड़ी-थोड़ी देर में आधा-आधा घंटा लेट होती गई। ट्रेन करीब सवा चार घंटे की देरी से रतलाम आई। एस-7 कोच में सफर कर रहे आरीफ शेख ने बताया इंदौर में तीन बजे से ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। किसी ने स्पष्ट नहीं किया की ट्रेन इतनी लेट क्यों हुई।

जयपुर जाने वाले यात्री भी हुए परेशान
अवंतिका एक्सप्रेस के लेट होने के कारण भेापाल-जयपुर एक्सप्रेस को उज्जैन रोकना पड़ा। अवंतिका को पहले रवाना किया गया। इसके बाद भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस नियत समय से करीब 1 घंटे 25 मिनट की देरी से रात 11.45 बजे रतलाम पहुंची। इससे रतलाम से मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, अजमेर व जयपुर की ओर जाने वाले यात्री परेशान होते रहे। 

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post