Thursday, 26 March 2015

दामाद रैना की बैटिंग देखने को उत्साहित बागपत का गांव

बागपत 

होने वाले दामाद सुरेश रैना और भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन देखने के लिए पश्चिमी यूपी के बागपत जिले के बामनौली गांव में खास इंतजाम किए गए हैं। गांव के सभी लोग कामकाज से छुट्टी लेकर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला विश्वकप सेमीफाइनल मुकाबला देखेंगे। 

'टीम इंडिया' की जीत और उसमें रैना के शानदार प्रदर्शन के लिये गांव के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की गयी है, वहीं मैच देखने के लिये गांव पंचायत ने विशाल टीवी स्क्रीन का भी इंतजाम किया है। रैना की शादी बामनौली गांव से जुडी प्रियंका चौधरी से अगले महीने होने वाली है। होने वाले दामाद और उनकी टीम के मैच के मद्देनजर गांव में हुई पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 26 मार्च को भारत और ऑस्ट्रेलिया के मैच के दौरान ना तो कोई ग्रामीण अपने खेत में जाएगा और ना ही कोई श्रमिक मजदूरी के लिये जाएगा। नौकरी पेशा लोग कल छुट्टी लेकर मैच देखेंगे। 

पंचायत की अध्यक्षता करने वाले कालू सिंह ने बताया कि कल सभी लोग पंचायत द्वारा लगवाई गई बडी स्क्रीन पर भारत और ऑस्ट्रेलिया का मैच देखेंगे। इसके साथ ही पंचायत ने भारत के लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने पर पूरे चौगामा क्षेत्र की दावत करने का निर्णय भी लिया है। उन्होंने बताया कि पड़ोस के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर के निवासी बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना की शादी अप्रैल के पहले हफ्ते में बामनौली गांव के रहने वाले तेजपाल सिंह की बेटी प्रियंका के साथ होने वाली है। रैना जैसे खिलाडी के दामाद बनने से पूरा बामनौली गर्व महसूस कर रहा है। राम ने बताया कि पंचायत के बाद गांव स्थित हनुमान मंदिर में सेमीफाइनल में भारतीय टीम की जीत तथा उसमें रैना के शानदार प्रदर्शन के लिये पूजा अर्चना की गयी। 

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post