Tuesday, 31 March 2015

सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली का दावा-पांच साल की उम्र में हुआ यौन शोषण

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की गर्लफ्रेंड रह चुकीं पूर्व एक्ट्रेस सोमी अली ने एक इंटरव्यू में माना है कि जब वह पांच साल की थीं तो उनका यौन शोषण हुआ था। मूल रूप से पाकिस्तानी सोमी अली फिलहाल अमेरिका में एक सामाजिक संगठन 'नो मोर टियर्स' चलाती हैं, जो उत्पीड़न की शिकार महिलाओं के लिए काम करता है। बीते 27 मार्च को ही उनके संगठन की आठवीं सालगिरह थी। इसके बाद दिए एक इंटरव्यू में सोमी ने बताया कि उनके द्वारा यह संगठन शुरू किया जाने का असल मकसद क्या है?
घरेलू हिंसा के माहौल में परवरिश
सोमी ने इंटरव्यू में बताया, ''मैंने पाकिस्तान में एक ऐसे माहौल में होश संभाला, जहां घर की महिलाएं घरेलू हिंसा से पीड़ित थीं। मेरी मां की कई दोस्तों के साथ घर में मारपीट की जाती थी। जब मैं अपने मां से उनकी दोस्तों के शरीर पर लगे चोटों के बारे में पूछती थी, मुझे हमेशा बताया जाता था कि आंटी सीढ़ियों से गिर गईं। माहौल कुछ ऐसा था कि इस तरह की मारपीट को महिलाएं आसानी से कबूल कर लेती हैं। ''
नौकर ने किया यौन-शोषण
सोमी ने बताया, ''घर के एक नौकर ने मेरा यौन शोषण किया जब मैं महज पांच साल की थी। जब अमेरिका में मुझे हाई स्कूल और विश्वविद्यालयों में संबोधित करने के लिए बुलाया गया तो मैंने यह वाकया स्टूडेंट्स के साथ शेयर किया। मुझे लगता है कि मेरे द्वारा अपने अनुभव शेयर करने से दूसरों को भी ऐसा करने की प्रेरणा मिलेगी, जोकि ऐसे मामलों से पीड़ित होने के बावजूद शर्म की वजह से सामने नहीं आते। ''
ऑटोबायोग्राफी में सलमान का जिक्र
सोमी अली फिलहाल एक ऑटोबायोग्राफी लिख रही हैं, जिसमें एक्टर सलमान खान पर भी एक चैप्टर है। बता दें कि सलमान से आठ साल तक रिश्ते रहने के बाद उनका ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद साल 2000 में सोमी फ्लोरिडा लौट गई थीं। सोमी ने कहा, ''सलमान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' देखने के बाद मैं 16 साल की उम्र में भारत पहुंची। जिस रात मैंने उनकी फिल्म देखी, उसी वक्त से उनसे शादी का सपना देखने लगी थी। मैं सुबह उठी और सूटकेस तलाशने लगी ताकि भारत जा सकूं और उस एक्टर से शादी कर सकूं, जिसका सपना देखा। मेरी मां ने जब यह सुना तो वह नाराज हो गई, लेकिन बाद में वह मान गईं और इसके बाद सब इतिहास बन चुका है।'' सोमी न केवल सलमान की गर्लफ्रेंड रहीं, बल्कि दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम भी किया।
सलमान की हिंसा की हुईं थी शिकार, लेकिन किया था बचाव
माना जाता है कि सोमी अली सलमान खान के गुस्सैल व्यवहार की शिकार हुईं। हालांकि, सालों पहले मीडिया में जब इस तरह की खबरें आईं कि सलमान ने गुस्से में एक सॉफ्टड्रिंक की बोतल उनके सिर पर तोड़ दी थी तो वह बचाव में आ गई थीं। सोमी ने कहा था, ''सलमान ने ऐसा कुछ नहीं किया। अगर ऐसा होता तो मैं लहुलुहान होकर अस्पताल में पहुंच जाती। वह खुश नहीं थे क्योंकि मैंने पहली बार शराब पी थी। इसलिए इस खीझ में उन्होंने टेबल पर कोल्ड ड्रिंक पलट दी थी।''

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post