Tuesday, 31 March 2015

कोहली का अनुशासन अन्‍य खिलाडि़यों के समान है : शास्‍त्री

आलोचनाओं के दौर से गुजर रहे विराट कोहली का बचाव करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के निदेशन रवि शास्‍त्री ने कहा है कि इस बल्‍लेबाज के विश्‍व कप में साधारण प्रदर्शन को उसकी महिला मित्र अनुष्‍का शर्मा से जोड़ना सही नहीं है और इस तरह की बातें बकवास है।
टीम निदेशक ने कहा कि यदि ऐसा होता तो कोहली ऑस्‍ट्रेलिया दौरे पर टेस्‍ट सीरीज में 700 रन और चार शतक नहीं ठोंकता। उन्‍होंने कहा कि कोहली अन्‍य खिलाडि़यों के समान ही अनुशासित है। उसका दिल भारत के लिए धड़कता है। इस तरह के खिलाड़ी बिरले होते हैं और सच बताउं तो अभी उसका दौर खत्‍म नहीं हुआ है।
शास्‍त्री ने विराट के पिछले वर्ष इंग्‍लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद फॉर्म में लौटने की जमकर तारीफ की। उन्‍होंने कहा कि कोहली ने साबित किया कि वक्‍त आने पर उसने दर्शाया कि अच्‍छा खिलाड़ी कैसा हो सकता है। इसके साथ ही शास्‍त्री ने कैप्‍टन कूल महेंद्र सिंह धोनी के भी तारीफों के पुल बांधे। उन्‍होंने कहा- यहां से उसमें बहुत सुधार होगा। अब धोनी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुका है लिहाजा और निखरता जाएगा। वह पहले से अधिक फिट होगा और अपनी बल्लेबाजी पर काम करने के लिए उसके पास समय होगा।
भारत के पूर्व कप्तान शास्त्री ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में टॉस हारना भारत के लिए नुकसानदेह साबित हुआ। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम बताया, लेकिन कहा कि एकमात्र टीम जिससे ऑस्ट्रेलिया को हार का डर था, वह टीम इंडिया थी। भारत की राह में स्टीव स्मिथ लगातार रोड़ा बने हुए थे और शास्त्री ने इस युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि कई टीमों ने मुझसे उसके खेल में कमजोरी के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि भारतीयों को पता होगा क्योंकि हम चार महीने से वहां थे। मेरा जवाब यही होता था कि यदि आपको कोई खामी नजर आए तो मुझे भी बताना। स्मिथ का हाथ और नजर का तालमेल जबर्दस्त है और उसे क्रिकेट की अपार समझ भी है।
शास्‍त्री ने भारतीय तेज गेंदबाजों उमेश यादव, मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मैं शमी को कोलकाता का नवाब, उमेश को विदर्भ का नवाब और मोहित शर्मा को राजधानी से भी तेज हरियाणा एक्सप्रेस कहता हूं। तीनों ने तेज गेंदबाजों की तरह गेंदबाजी की।
उन्होंने कहा कि भारतीय मध्यम तेज गेंदबाजों की तिकड़ी ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। कितनी बार आप हाशिम अमला या यूनिस खान को इस तरह शॉर्ट गेंद पर आउट होते देखते हैं। शास्त्री ने आर.अश्विन की भी तारीफ करते हुए कहा कि उसकी वैरिएशन ही उसकी ताकत थी। उन्होंने कहा कि इस युवा भारतीय टीम में काफी क्षमता है और इनमें से 80 प्रतिशत 2019 विश्व कप में भी चयन के दावेदार होंगे।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post