Saturday, 28 March 2015

आप से योगेंद्र-प्रशांत की विदाई पर आज लगेगी मुहर!

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एक और स्टिंग और आम आदमी पार्टी में कब्जे की लड़ाई के बीच आज दिल्ली में राष्ट्रीय परिषद की बैठक होनी है। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण की छुट्टी पर मुहर लग सकती है।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अरविंद केजरीवाल पार्टी के संयोजक रहेंगे या नहीं इस पर भी फैसला होने की संभावना है। अरविंद गुट की मानें तो योगेंद्र और प्रशांत लगातार संयोजक पद से अरविंद को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि इसका फैसला एनई के सदस्य करेंगे।
आईबीएन7 को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अरविंद केजरीवाल सदस्यों को योगेंद्र और प्रशांत की पार्टी विरोधी गतिविधियों की जानकारी देंगे, इस बैठक में मीडिया पर पूरी तरह से पाबंदी है। योगेंद्र, प्रशांत की मांग थी कि राष्ट्रीय परिषद के इस बैठक का इंटरनेट पर सीधा प्रसारण हो, लेकिन पार्टी ने उनकी अनसुनी कर दी। हालांकि आईबीएन 7 को खास सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस पूरे बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
आईबीएन 7 को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक इस बैठक में दो प्रस्ताव लाए जाएंगे, इसमें पहले योगेंद्र प्रशांत को राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर करने का और दूसरा पार्टी से बाहर करने का हो सकती है। बैठक में योगेंद्र, प्रशांत के आरोपों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में सभी विधायक भी आएंगे लेकिन उन्हें वोटिंग का अधिकार नहीं होगा। इस बैठक में देश भर से करीब 350 सदस्य भाग लेंगे। योगेंद्र-प्रशांत गुट चाहता था कि बैठक में एडमिरल रामदास को बतौर अध्यक्ष या स्वतंत्र पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल किया जाए। लेकिन आईबीएन 7 को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अरविंद गुट ने उनकी मौजूदगी से इनकार कर दिया।
योगेंद्र-प्रशांत गुट चाहता था कि बैठक में एडमिरल रामदास बतौर अध्यक्ष या स्वतंत्र परियवेक्षक के तौर पर मौजूद रहें लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में केवल परिषद के सदस्य ही मौजूद रह सकते हैं, जबकि रामदास ना तो पार्टी के सदस्य हैं और ना राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य।
आप की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में योगेंद्र प्रशांत गुट के और सदस्यों पर भी गाज गिर सकती है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर आनंद कुमार और अजित झा पर भी कार्रवाई हो सकती है। वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने साफ कर दिया है कि अब योगेंद्र और प्रशांत भूषण से समझौते की कोई उम्मीद नहीं बची है।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post