Friday, 27 March 2015

आपको 'भारत रत्‍न' देने राष्‍ट्रपति आएंगे- यह बताने वाले को बस निहारते रहे अटलजी

राजनीति में अपने विरोधियों की ओर से भी हमेशा सम्मान पाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी आज 'भारत रत्‍न' हो जाएंगे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी प्रोटोकॉल तोड़ते हुए उनके घर जाकर उन्‍हें देश का सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान देंगे। उनके घर पर एक करीबी ने बताया कि जब इस बारे में उन्‍हें आरएसएस व भाजपा के एक बड़े नेता की ओर से सूचना दी गई तो उनके चेहरे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं थी। वह बस सूचना देने वाले व्‍यक्त्‍िा को एकटक निहारते रहे।
शाम पांच बजे दिया जाएगा सम्‍मान
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शाम पांच बजे अटलजी को 'भारत रत्‍न' से सम्‍मानित करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री, उनकी पूरी कैबिनेट, अटलजी के पुराने सहयोगी लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत आरएसएस के कइ नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम बहुत ही सादगी से होगा। इसके लिए कोई खास तैयारी नहीं की गई है। हालांकि, राष्ट्रपति और अन्‍य अतिथियों के स्वागत और उनके जलपान का इंतजाम जरूर किया गया है।
सम्‍मान के एलान के बाद सुषमा गई थीं मिलने
भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के मौके पर सुषमा स्वराज उनसे मिलने गई थीं। तब बाहर आकर उन्होंने कहा था कि इस सूचना पर अटल जी मुस्कुराए थे। अटलजी सालों से बीमार हैं और बिस्‍तर पर ही रहते हैं। हाल ही में उनके अस्वस्थ होने का उल्लेख करते हुए भाजपा के एक सदस्य ने लोकसभा में अल्जाइमर एवं डिमेंशिया जैसी बीमारियों से पीड़ित बुजुर्ग लोगों के इलाज एवं देखभाल के लिए सरकार से व्यापक कदम उठाने की मांग की थी। यानी अटलजी इन्‍हीं बीमारियों से ग्रस्‍त हैं। दिल्ली के 6, कृष्णा मेनन मार्ग स्थित घर पर उनसे गिने-चुने लोग ही मिल पाते हैं।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post