ई-कॉमर्स सेक्टर की कंपनी स्नैपडील ने डिजिटल फाइनेंशियल सर्विस प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराने वाली फर्म रुपीपावर में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी है। यह सौदा शेयर और नकद में हुआ है। सौदे की रकम का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है।
इस सौदे की बदौलत स्नैपडील के लिए 4,500 करोड़ रुपए के घरेलू ऑनलाइन फाइनेंशियल सर्विसेज मार्केट में उतरना आसान हो जाएगा।
स्नैपडील के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुणाल बहल ने मंगलवार को बताया, "कंज्यूमर को आमतौर पर फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स और सर्विसेज की खरीद का फैसला करने में दिक्कत आती है। इस सौदे की वजह से फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में वितरण से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।"
2011 में बनी थी रुपीपावर
साल 2011 में स्थापित गुड़गांव की रुपीपावर लोन, क्रेडिट कार्ड और अन्य पर्सनल फाइनेंस प्रोडक्ट्स के लिए डिजिटल वितरण प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती है।
रुपीपावर के संस्थापक और सीईओ तेजस्वी मोहनराम ने कहा, "अगले एक साल हम 200 कर्मचारी बढ़ाएंगे। इनमें से ज्यादातर इंजीनियर होंगे, जिन्हें फाइनेंशियल सर्विसेज मार्केट की समझ होगी।" फिलहाल इस कंपनी में महज 40 कर्मचारी है।
एसबीआई भी पार्टनर
रुपीपावर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व को अपने पार्टनर्स में गिनती है। कंपनी का दावा है कि 2014-15 में उसके प्लेटफार्म के जरिए 1,500 करोड़ रुपए का लोन वितरण किया गया।
बहल ने कहा, "हमें उम्मीद है कि अगले 24 माह में यह आंकड़ा बढ़कर 6,000 करोड़ रुपए या 1 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच जाएगा।"

No comments:
Post a Comment