पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल खेल रही न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर क्रिकेट वर्ल्ड का चैम्पियन बन गया। वर्ल्ड कप 2015 जीतने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने इसे अपने पूर्व साथी खिलाड़ी फिलिप ह्यूज को समर्पित किया। जीत के बाद ह्यूज को याद करते हुए क्लार्क ने कहा, "हमने 15 नहीं, 16 खिलाड़ियों के साथ वर्ल्ड कप खेला। मैं पूरी टीम के साथ इस जीत को ह्यूज को समर्पित करता हूं।" गौरतलब है कि ह्यूज की कुछ समय पहले एक बाउंसर लगने के कारण मौत हो गई थी। ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड चैम्पियन बनते ही फिलिप ह्यूज सोशल साइट्स पर ट्रेंड करने लगे थे। क्रिकेट फैन्स ने भी ऑस्ट्रेलिया की जीत को ह्यूज को ही समर्पित किया।मैच के बाद क्लार्क ने कहा, "आज की जीत हमारे छोटे भाई फिलिप ह्यूज के नाम। ह्यूज ऐसे अवसरों पर खूब जश्न मनाता था। हमें इस जीत पर गर्व है। अपने घरेलू मैदान पर अपने परिवार, मित्रों और घरेलू प्रशंसकों के सामने वर्ल्ड कप जीतना शानदार उपलब्धि है।" बता दें कि क्लार्क और ह्यूज एक-दूसरे के बेहद करीब थे। क्लार्क उन्हें अपना छोटा भाई मानते थे और ह्यूज की मौत के बाद उन्होंने उनकी जर्सी नंबर 64 को रिटायर करने की मांग की थी, जिसे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने मान लिया था।
काली पट्टी बांधकर खेला मैच
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस मैच में काली पट्टी बांधकर उतरे थे। मैच के बाद क्लार्क ने इस बारे में कहा, “मैं भविष्य में जब भी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलूंगा यह काली पट्टी बांधकर ही खेलूंगा। ऐसा लग रहा था जैसे ह्यूज यहीं हैं। ऐसा लग रहा था कि हम इस वर्ल्ड कप में 15 नहीं 16 खिलाड़ियों के साथ खेले।"
क्लार्क ने वनडे की अपनी अंतिम पारी में 74 रन बनाए। उन्होंने न्यूजीलैंड टीम और कीवी कप्तान ब्रेंडन मैक्कुलम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "ब्रेंडन और न्यूजीलैंड टीम ने सराहनीय प्रदर्शन किया। उन्हें हराना हमेशा कठिन होता है। ब्रेंडन ने निजी तौर पर इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। हमारा समर्थन करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के हर खेल प्रेमी का शुक्रिया।"

No comments:
Post a Comment