Thursday, 14 May 2015

हॉनर किलिंग: गया में प्रेमी युगल को जिन्दा जलाया

ऑनर किलिंग: बिहार के गया में प्रेमी जोड़े को भरी पंचायत में जिंदा जलाया
पटना. एक प्रेमी जोड़े को बिरादरी की पंचायत ने जिंदा जलाने का फरमान सुनाया। दोनों को पहले लाठियों से पीटा गया। जब वे बेसुध हो गए तो एक ही चिता पर फूंक डाला। गया जिले के वजीरगंज थाना के अमैठा गांव में सरेआम सजा देने की यह कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली। पुलिस जब तक पहुंची, चिता की आग ठंडी हो चुकी थी।
मारा गया युवक उस गांव का दामाद था, जहां यह सब हुआ। लड़की भी उसी गांव की थी। उम्र 16 वर्ष थी। जिंदा जलाने का फरमान सुनाने वाली पंचायत में लड़की के परिजन भी शामिल थे। मृतक जयराम की पत्नी व परिजन मौके पर थे लेकिन असहाय। हत्या का नंगा नाच देखने को विवश। जयराम वजीरगंज के कसियाडीह गांव का रहने वाला था और तीन बच्चों का बाप था। कसियाडीह और अमैठा की दूरी 11 किमी है।
वजीरगंज थाने के जिस अमैठा गांव में पंचायत लगाकर प्रेमी युगल को मौत की सजा सुनाई गई, वहां इसमें शामिल लोगों ने किसी भी हालात से निबटने के लिए पहले से व्यवस्था कर रखी थी। उनमें शामिल लोगों के पास अवैध असलहे थे, जिससे उनका विरोध करने का साहस गांव के अन्य लोग नहीं जुटा पाए। यही वजह रही कि लड़के की ससुराल के परिवार वाले भी कुछ नहीं कर पाए। प्रेमी युगल चीखते रहे। लोगों ने उन्हें जला दिया। उसकी पत्नी जब तक थाने पहुंची, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
प्रेमी युगल को गांव से 500 गज की दूरी पर ले जाकर वंशी नाला बधार के पास जिंदा जलाया गया। घटनाक्रम के दौरान असलहे से लैस लोग पहरेदारी करते रहा। अमैठा टोले मे महादलित और यादव जाति के करीब एक सौ घर हैं। चालीस से पचास महादलित परिवार को आशंका थी कि दूसरे वर्ग के लोग पंचायत के निर्णय में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। इसी से वे हथियारों से लैस थे।

No comments:

Post a Comment

Ads Inside Post