नई दिल्ली: पिछले महीने आए विशानकारी भूकंप से भारी तबाही झेल चुके नेपाल में आज आधे घंटे के अंतराल पर 7.3 और 6.9 तीव्रता के भूकंप के दो जोरदार झटके महसूस किए गए। इसी दौरान 5.4 और 4.8 तीव्रता वाले दो अन्य झटके भी महसूस किए गए।
भूकंप का केंद्र काठमांडू से 60 किलोमीटर पूर्व में बताया गया है। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक नेपाल के चौतारा में चार लोगों की मौत हो गई है। काठमांडू एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है।
भारत में भी राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित पूरे उत्तर भारत में इस भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन झटकों के चलते लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल पड़े। भूकंप के झटकों के बाद दिल्ली मेट्रो की सेवा कुछ देर के लिए रोक दी गई।
काठमांडू में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। चीन में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत में भूकंप से किसी तरह के नुकसान के बारे में गृह मंत्रालय विवरण और सूचनाएं इकट्ठा कर रहा है। गृह मंत्रालय ने ट्वीट किया है कि गृह मंत्री ने गृह सचिव एलसी गोयल और नेपाल में भारत के राजदूत रंजीत रे से बातचीत की है और एनडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को नेपाल में आए 7.9 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप को पूरे उत्तर भारत में महसूस किया गया था। इस भूकंप के चलते नेपाल में 8,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और करीब 17,000 घायल हो गए। वहां अब तक भूकंप के करीब 165 झटके महसूस किए जा चुके हैं। इस भूकंप से बिहार, यूपी और पश्चिम बंगाल में भी करीब 70 लोगों की मौत हो गई थी।
No comments:
Post a Comment