सलमान खान बीइंग ह्यूमन नाम का एक एनजीओ चलाते हैं, जो टीशर्ट और अन्य कई तरह के कपड़े ऑनलाइन और स्टोर के जरिए बेचता है। सेल्स का एक हिस्सा गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए खर्च किया जाता है।
सलमान खान का संगठन बीइंग ह्यूमन बच्चों के स्वास्थ और शिक्षा समेत तमाम लोगों की बीमारियों और मुश्किल घड़ी में आर्थिक मदद करता है।
सलमान खान के वकीलों के अनुसार अभी तक सलमान बीइंग ह्यूमन के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, हार्ट सर्जरियों और शिक्षा पर करीब 42 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं। बीइंग ह्यूमन ने अभी तक 600 बच्चों की हार्ट सर्जरी कराई है और असंख्य लोगों की मदद की है।
जनवरी 2012 में सलमान खान ने अपने इस एनजीओ के जरिए 40 लाख डॉलर उत्तर प्रदेश के करीब 400 कैदियों को 63 जेलों से रिहा करने के लिए दिए थे। इन कैदियों ने अपनी सजा तो पूरी कर ली थी, लेकिन उनके पास पैसों की कमी होने की वजह से अपना जुर्माना नहीं चुका पा रहे थे।
सलमान खान की बीइंग ह्यूमन के पास पैसे कपड़े बेचकर आते हैं, जिसके लिए इसका मंधाना इंडस्ट्री लिमिटेड के साथ टाईअप है। बुधवार को जैसे ही सलमान खान को कोर्ट ने सजा सुनाई, देखते ही देखते मंधाना इंडस्ट्री के शेयर 4.74 प्रतिशत गिर गए।
आपको बता दें कि मंधाना की ग्लोबल सेल्स का 10 प्रतिशत हिस्सा बीइंग ह्यूमन का है और मंधाना इंडस्ट्री हर साल अपनी सेल 50-60 प्रतिशत बढ़ने की अपेक्षा करती है। 2014-15 में बीइंग ह्यूमन ने 170 करोड़ रुपए की कमाई की थी, जो इससे पहले वाले साल में 131 करोड़ रुपए थी।
बीइंग ह्यूमन वेबसाइट के अनुसार इसके अन्य पार्टनर अक्षरा हाई स्कूल, असीमा कोका कोला इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, फोर्टिस फाउंडेशन, माया फाउंडेशन, मैरो डोनर रजिस्ट्री इंडिया, सुजुकी मोटरसाइकिल और द मैक्स फाउंडेशन हैं।
मंधाना की 2013-14 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के कुल 17 बीइंग ह्यूमन स्टोर, 6 फ्रेंचाइजी आउटलेट, 99 स्टोर-इन-स्टोर, 60 डिस्ट्रिब्यूटर और 100 इंटरनेशनल आउटलेट हैं, जो बीइंग ह्यूमन के कपड़े बेचते हैं।
No comments:
Post a Comment